Dainik Athah

भाजपा ने साजिश की, उसका सफाया तय: अखिलेश यादव

सपा महाराणा प्रताप का सम्मान करती है, उनकी जयंती पर छुट्टी दी

अथाह संवाददाता
कन्नौज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कन्नौज संसदीय क्षेत्र में जनसम्पर्क कर मतदाताओं से वोट की अपील की। उन्होंने कन्नौज पहुंच कर सबसे पहले गौरी शंकर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने जनसम्पर्क कर लोगों से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को जिताने की अपील की।
यादव ने कहा कि कन्नौज की जनता इस चुनाव में इतिहास बनाने जा रही है। भाजपा को रिकार्ड वोटों से हराएगी। भाजपा ने झूठे वादे किये थे, जनता उनसे महंगाई, बेरोजगारी, चुनाव चंदा वसूली, शिक्षा-स्वास्थ्य की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल पूछ रही है। किसान की आय दोगुनी क्यों नहीं है। नौजवानों को हर साल दो करोड़ नौकरी क्यों नहीं मिली? रुपये की कीमत क्यों गिर रही है? भ्रष्टाचार चरम सीमा पर कैसे पहुंच गया? चंदा वसूली के नाम पर इतना भ्रष्टाचार क्यों किया? भाजपा ने इलेक्टोरल बांड के नाम पर वसूली की। इस बार जनता ने भाजपा सरकार को पलट दिया है। जनता भाजपा के खिलाफ पहले दूसरे चरण की तरह तीसरे, चौथे चरण में और ज्यादा मतदान करने जा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि अब भाजपा के मन की बात नहीं संविधान की बात होगी। भाजपा नेताआें की मनमर्जी नहीं चलेगी। अब 140 करोड़ देशवासियों की बात होगी। भाजपा का सब गणित फेल होगा। यह चुनाव बाबा साहब के संविधान को बचाने का चुनाव है। एक तरफ संविधान बचाने वाले समाजवादी लोग है तो दूसरी तरफ संविधान के भक्षक भाजपा के लोग है। देश की जनता संविधान बचाने वालों के साथ खड़ी हो गयी है। भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग चरम पर पहुंची महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण भाजपा ने नौजवानों का जीवन बर्बाद कर दिया। बीजेपी सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती है जिससे नौजवान थक हार कर बैठ जाय। भाजपा की नीयत ठीक नहीं है। यह संविधान और लोकतंत्र का खत्म करना चाहती है।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में सीमाएं सुरक्षित नहीं है। चीन से युद्ध में देश की जमींन बचाने वाले जवानों की याद में बनाये गये रिजांग्ला मेमोरियल को चीन की सेना ने तोड़ दिया। इस सरकार को देश की सीमाओं की चिंता नहीं है। भारत माता की जय बोलकर भाषण शुरू करने वालों की सरकार में चीन ने देश की जमींन छीन ली। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है। आज वहीं नकारात्मक नरेटिव भाजपा को हरा रहा है।

यादव ने महाराणा प्रताप को लेकर कहा कि समाजवादी लोगों ने महाराणा प्रताप की जयंती पर छुट्टी दी। महाराणा प्रताप का सम्मान किया। उनके शौर्य और साहस को लेकर सब लोग उन्हें नमन करते हैं। लेकिन भाजपा के लोग हर चीज में राजनीति ढूंढ़तें है। उन्होंने कहा सभी लोग महाराणा प्रताप का सम्मान करते है। किसी ने अपमान नहीं किया। लेकिन जान-बूझकर साजिश के तहत वीडियो म्यूट कर भाजपा के कार्यालय और मुख्यमंत्री के कार्यालय ने पत्रकारों को भेजा। भाजपा का सफाया होना तय है। इसीलिए साजिश की है। जिन्होंने महाराणा प्रताप के पक्ष में नारे लगाये उनको जेल भेज दिया और जिन्होंने समाजवादियों को गाली दी और बूथ लूटने की धमकी दी, उनका बीजेपी सम्मान कर रही है। यहीं भाजपा की संस्कृति है। जो दूसरों को गालियां देंगे, अपमान करेंगे, बलात्कारी होंगे उन्हें भाजपा सम्मानित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *