Dainik Athah

अबकी बार 400 पार, यूपी में 80 इस बार: ब्रजेश पाठक


अथाह ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्नाव से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी डा. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी (स्वामी साक्षी महाराज) की नामांकन सभा को सम्बोधित किया। पाठक ने कहा कि हम पार्टी देख कर चुनें, एक ओर भ्रष्टाचारियों व अपराधियों के संरक्षण वाली सपा है तो दूसरी तरफ विकसित भारत का संकल्प लेने वाली पार्टी भाजपा है। आप सब से अपील है कि भाजपा को चुने और साक्षी महाराज को एकतरफा जिता कर रिकॉर्ड बनाए।
भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लेकर 2024 तक का लेखा-जोखा जनता के सामने है। हर व्यक्ति का अपने घर का सपना होता है। मोदी जी ने गरीब के उस सपने को पूरा किया है। राहुल गांधी की दादी कहती थी गरीबी हटाओं। कांग्रेस दशको तक गरीबी हटाने का नारा लगाती रही लेकिन गरीब की गरीबी मिटाने के लिए कोई काम नहीं किया। कांग्रेस सरकार में गरीबों के हक का पैसा कमीशनखोरी की भेंट चढ़ गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ सरकार की योजनाओं को गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं को समर्पित किया। गरीब तक घर, शौचालय, नल से जल, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्माननिधि, 80 करोड़ जनता को राशन पहुंचाने का काम मोदी सरकार ने किया है। उत्तर प्रदेश में आज विश्वस्तरीय सड़को का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से युवाओं को रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गुण्डई, अराजकता खुलेआम सड़को पर दिखाई देती थी। गुण्डे, माफिया बंदूके लेकर खुलेआम घुमते थे। सरकारी ठेकों की लूट होती थी। प्लाट, दुकान, मकान, खेत-खलिहान पर कब्जे होते थे। मां, बहन, बेटियां असुरक्षित थी। जनता की सम्पत्तियों पर सपा का झण्डा लगाकर कब्जा करने वाले सपाई गुण्डे कहते थे, जितना बड़ा सपा का झण्डा उतना बड़ा सपा का गुण्डा। आज भाजपा की सरकार में गुण्डे, माफिया, अपराधियों ने या तो यूपी छोड़ दिया है या जेल के अन्दर है। मां, बहन, बेटियों पर आंख उठाने वाले 25 हजार से ज्यादा लफगों को सीखचों के पीछे भेजने का काम योगी सरकार ने किया है। गुण्डे माफिया तख्ती डाल कर सरेंडर कर रहे है। उन्होंने सैम पित्रोदा के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि देश के लोगों की आधी सम्पत्ति कांग्रेस हड़पना चाहती है।

पाठक ने कहा कि 2024 में जनता ने पूरा मन बना लिया है कि फिर एक बार मोदी को अभूतपूर्व विजय दिला देश में पुन: राष्ट्रवादी सरकार बनानी है। उन्होंने अबकी बार 400 पार तथा यूपी में 80 इस बार का नारा देते हुए सभी से भाजपा के पक्ष में वोट की अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समर्थन देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *