Dainik Athah

मुख्तार के निवास ‘फाटक’ पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव: उम्मीद है कि सरकार मुख्तार की मौत का सच सामने लायेगी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद स्थित उनके आवास ‘फाटक’ पहुंचे।
अखिलेश यादव ने मुख्तार अंसारी के भाई गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी, बेटे उमर अंसारी, उनके भतीजे शोएब अंसारी तथा अन्य परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने मुख्तार अंसारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में न्यायिक जांच कराने की मांग की। भाजपा सरकार पर किसी को भरोसा नहीं है। सरकार न्याय नहीं दिलाएगी।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता और गाजीपुर जिले के तमाम लोग भी मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है संवैधानिक संस्थानों पर भरोसा कम हुआ है। मुख्तार अंसारी ने खुद कहा था कि उन्हें जहर दिया जा रहा है। हमें उम्मीद है की सरकार सच्चाई सामने लाएगी और मुख्तार अंसारी के परिवार वालों को न्याय मिलेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो व्यक्ति इतने वर्षों तक जेल में रहा हो, उसके बाद भी जनता उसे जिता रही हो तो इसका मतलब है कि उस व्यक्ति और उसके परिवार ने जनता के बीच रहकर उनके दुख दर्द में साथ दिया है। आज मीडिया और सोशल मीडिया में तमाम कहानियां है कि किस तरह से इस परिवार ने लोगों के बीच काम किया है और उनके दुख दर्द को बांटता रहा है। यह परिवार जनता के बीच रहता है। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा कहा है कि भाजपा सरकार में लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। देश में सबसे ज्यादा पुलिस हिरासत में मौतें उत्तर प्रदेश में हो रही है। जेल में मौतें होना, थाने में मौतें होना, मुख्यमंत्री आवास के सामने न्याय न मिलने से आत्मदाह की कोशिश जैसी तमाम घटनाएं हो रही है। उत्तर प्रदेश में न्याय न मिलने से तमाम लोगों की जाने गईं है लेकिन इस सरकार को कोई परवाह नहीं है।

यादव ने कहा कि यह लोकतंत्र बचाने का आखिरी चुनाव है। अगर जनता वोट देने नहीं निकलेगी तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने पर तुली है। आज मीडिया पर भी सच न दिखाने का भारी दबाव है। मीडिया सच दिखाने की कोशिश करती है तो उस पर सरकार कार्यवाही की धमकी देती है। पत्रकारों ने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर किया तो उन्हें जेल में डाल दिया गया। भाजपा सरकार सरकारी संस्थाओं को खत्म कर रही है। भाजपा सरकार ने जनता के भरोसे और सच्चाई पर आघात किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *