Dainik Athah

आज भी गाजियाबाद वालों के दिलों पर राज करते हैं ‘राजनाथ सिंह’

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं उनके परिवार को नजरअंदाज नहीं कर सकते गाजियाबादी
  • राजपूतों की नाराजगी दूर करने को भाजपा ने खेला राजनाथ सिंह की सभा का दांव
  • आज भी सैकड़ों लोग राजनाथ सिंह के परिवार से मिलने जाते हैं गाजियाबाद से

अशोक ओझा गाजियाबाद। गाजियाबाद की राजनीति और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एक दूसरे के पूरक है। राजनाथ सिंह और उनके परिवार का दखल आज भी गाजियाबाद भाजपा की राजनीति में है। यह यूं ही नहीं है। राजनाथ सिंह और उनका परिवार आज भी गाजियाबाद वालों के दिलों पर राज करते हैं। यहीं कारण है कि राजपूतों की नाराजगी के मद्देनजर भाजपा को पहली जनसभा राजनाथ सिंह की ही आयोजित करनी पड़ रही है।
राजनाथ सिंह ने 2009 का लोकसभा चुनाव गाजियाबाद लोकसभा से लड़ा था। उस समय वे भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष थे। राजनाथ सिंह ने यह सीट कांग्रेस के सुरेंद्र प्रकाश गोयल से छीनकर भाजपा की झोली में डाली थी। सुरेंद्र प्रकाश गोयल ने भाजपा के चार बार के सांसद रमेश चंद तोमर को हराकर यह सीट भाजपा से छीनी थी। लेकिन जब राजनाथ सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने का निश्चय किया तो उन्होंने कहा कि वे हारी हुई सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने उस समय यह सीट करीब एक लाख वोटों के अंतर से जीती थी।
भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष होने के बावजूद राजनाथ सिंह हर सप्ताह गाजियाबाद आते थे और गांव गांव जाते थे। इतना ही नहीं अनेक बार तो वे रात्रि विश्राम भी गाजियाबाद करते थे। राजनाथ सिंह के साथ ही उनके पुत्र पंकज सिंह एवं नीरज सिंह भी लगातार गाजियाबाद आते थे। जब गाजियाबाद के लोगों की इच्छा होती थी या कोई परेशानी होती थी उन्हें एक ही घर नजर आता था वह राजनाथ सिंह का। 2014 से राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के कर्म क्षेत्र लखनऊ को अपना कर्म क्षेत्र बनाया। इस बार भी वे लखनऊ से ही चुनाव लड़ेंगे। राजनाथ सिंह चाहे लखनऊ के सांसद हो और चुनाव लड़ते हो, लेकिन गाजियाबाद वासियों का ठिकाना आज भी राजनाथ सिंह का आवास ही है।

पंकज सिंह- नीरज सिंह के आगमन पर लगता है भारी जमावड़ा

मौका कोई भी हो। जब भी राजनाथ सिंह के विधायक पुत्र पंकज सिंह एवं नीरज सिंह का गाजियाबाद आगमन होता है उस समय भाजपाइयों के साथ ही आम गाजियाबादियों का जमावड़ा भी उनसे मिलने के लिए लग जाता है। अपने युवा नेताओं से मिलने को गाजियाबाद के लोग आतुर रहते हैं। हकीकत यहीं है कि राजनाथ सिंह का दिल्ली आवास हो या पंकज सिंह और नीरज सिंह का लखनऊ आवास गाजियाबाद के लोग वहां भी लगातार जाते हैं।

राजनाथ सिंह के चुनाव में लखनऊ बन जाता है गाजियाबाद के भाजपा कार्यकर्ताओं का ठिकाना
राजनाथ सिंह दो बार लखनऊ से सांसद रह चुके हैं और इस बार तीसरी बार मैदान में है। लेकिन चुनाव में गाजियाबाद के अधिकांश भाजपा कार्यकर्ताओं का डेरा लखनऊ में रहता है। सभी कार्यकर्ता अपने खर्चे पर लखनऊ में रहना और खाना करते हैं। कार्यकर्ताओं के साथ ही विधायक सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, अतुल गर्ग और नंद किशोर गुर्जर भी लखनऊ में ही वोट मांगते हैं।

अब राजनाथ सिंह परिवार के भरोसे अतुल गर्ग
केंद्रीय राज्यमंत्री एवं लगातार दो बार के सांसद जरनल वीके सिंह का टिकट कटने के बाद भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग पूरी तरह से राजनाथ सिंह परिवार के भरोसे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण राजपूतों में नाराजगी है। सूत्रों की मानें तो पंकज सिंह एवं नीरज सिंह का कार्यक्रम भी गाजियाबाद के लिए मांगा गया है। यहीं कारण है कि नामांकन के दिन जनसभा करने के लिए राजनाथ सिंह गाजियाबाद आ रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *