Dainik Athah

पीएम मोदी की जनसभा से पहले बागपत के छपरौली में रालोद समर्थकों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटे भाजपाई

  • रालोद- भाजपा गठबंधन, दल मिले- दिल नहीं
  • दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास में जुटे दोनों दलों के नेता
  • मामला पहुंचा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के पास, रालोद समर्थकों पर नहीं किसी का नियंत्रण


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद/ बागपत।
राष्ट्रीय लोकदल एवं भारतीय जनता पार्टी के बीच लोकसभा चुनाव में दलों का गठबंधन तो हो गया, लेकिन दिल नहीं मिल सके हैं। यहीं कारण है कि बागपत के छपरौली विधानसभा में हुए विवाद के बाद भाजपा कार्यकर्त्ताओं को रालोद समर्थकों ने दौड़ा दौड़ा कर पीटा। मामला दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच गया है। घटना के समय गठबंधन के प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान भी मौजूद थे, लेकिन वे मौके से निकल गये।
बता दें कि छपरौली के तिलवाड़ा स्थित स्कूल में गुरुवार को गठबंधन प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान का कार्यक्रम था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रालोद समर्थक उन्हें चाय पर अपने घर ले जाने का प्रयास करने लगे, इसी बीच भाजपा कार्यकर्त्ता उन्हें अपने यहां पर चाय के लिए आमंत्रित करने लगे। इसी बीच दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई जिसने बाद में बवाल का रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि रालोद समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। हंगामा बढ़ने और सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दोनों पक्षों में बवाल के बाद भाजपा और रालोद के वरिष्ठ नेता सुलह समझौते के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन दोनों ही पक्ष आमने सामने है। इसके साथ ही रालोद के अंकुर ने एक वीडियो पोस्ट के जरिये भाजपा समर्थक एवं पूर्व चेयरमैन धूम सिंह पर आरोप लगाने शुरू कर दिये जिससे मामला सुलझने के स्थान पर बिगड़ रहा है। इस स्थिति में भाजपा समर्थकों का कहना है कि वे कैसे रालोद के पक्ष में काम करें। मामला भी तब हुआ जब दो दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रालोद मुखिया जयंत चौधरी मेरठ में संयुक्त जनसभा करने आ रहे हैं।

मोदीनगर के भाजपाई भी परेशान

सूत्रों के अनुसार रालोद समर्थकों की हठधर्मिता से मोदीनगर क्षेत्र के भाजपाई भी परेशान है। भाजपा के लोग बताते हैं कि वे कोई भी कार्यक्रम करते हैं तो रालोद के नेता कुर्सियों पर जाकर बैठ जाते हैं जिससे उनकी पूरी योजना चौपट हो जाती है। हालांकि प्रत्याशी डा. राजकुमार सांगवान पहले ही एक कार्यक्रम में कह चुके हैं कि रालोद वाले भाजपा वालों को कोहनी मारे तो कहीं आप लोग मुझे कोहनी मारकर पीछे न धकेल देना।

छपरौली के तिलवाड़ा में गठबंधन प्रत्याशी के कार्यक्रम के दौरान रालोद समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ मारपीट की थी। इसकी जानकारी हमने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया को दे दी है। अपमान के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता दृढ़ संकल्पित है कि गठबंधन प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर भेजेंगे। आगे देखो क्या होता है।

वेदपाल उपाध्याय, जिलाध्यक्ष भाजपा, बागपत

जो भी घटना हुई वह दुर्भाग्यपूर्ण है। बावजूद इसके प्रयास चल रहे हैं कि दोनों पक्षों में समझौता हो जाये। इसके लिए भरपूर प्रयास किये जा रहे हैं।
अशोक नागर लोकसभा प्रभारी भाजपा, बागपत


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *