Dainik Athah

अरुण सिंह बनें भाजपा के आंध्र प्रदेश के चुनाव प्रभारी, विनय सहस्त्रबुद्धे को राजस्थान

हरियाणा में सतीश पूनिया प्रभारी एवं सुरेंद्र सिंह नागर को सह प्रभारी बनाया गया

अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजस्थान- हरियाणा के साथ ही तीन राज्यों में चुनाव प्रभारी एवं सह चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी ने राजस्थान भाजपा के प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को आंध्र प्रदेश भेजा है, वहीं राष्ट्रीय मंत्री सुरेंद्र सिंह नागर को हरियाणा में सह प्रभारी नियुक्त किया है।

भाजपा ने राजस्थान में बड़ा फेरबदल करते हुए वहां पर भाजपा की राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य डा. विनय सहस्त्रबुद्धे को राजस्थान का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी के रूप में राष्ट्रीय मंत्री विजया रहाटकर एवं दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा को नियुक्त किया है। प्रवेश वर्मा को इस बार भाजपा ने प्रत्याशी नहीं बनाया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रदेश में किसी भी प्रकार की गुटबाजी को दूर करना चाहती है। यहीं कारण है कि इससे पहले भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर जिनकी राजस्थान विधानसभा चुनाव की जीत में बड़ी भूमिका थी को तेलंगाना भेज दिया। उन्हें तेलंगाना विजय की कमान सौंपी गई है।
इसके साथ ही भाजपा ने हरियाणा में राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री सुरेंद्र सिंह नागर को सह चुनाव प्रभारी बनाया गया है। इस प्रकार लोकसभा चुनाव से भाजपा ने राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को दूर रखने की रणनीति बनाई है। वहीं, सुरेंद्र सिंह नागर को भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर गुर्जर नेता के रूप में स्थापित करना चाहती है, यहीं कारण है कि उन्हें हरियाणा के गुर्जरों को साधने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा ने एक बड़ा परिवर्तन करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह को आंध्र प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ यूपी सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा सूत्रों के अनुसार पार्टी अरुण सिंह के अनुभव का लाभ आंध्र प्रदेश में लेना चाहती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *