Dainik Athah

इलेक्टोरल बॉण्ड काले धन को सफेद करने की भाजपाई गारंटी है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि इलेक्टोरल बॉण्ड काले धन को सफेद करने की भाजपाई गारंटी है। इलेक्टोरल बॉण्ड ‘ब्लैक मनी टूरिज्म’ मतलब पैसा बाहर ले जाकर वापस लाने के शुद्धीकरण की भाजपाई गारंटी है। भाजपा अब सरकारी एजेंसियों का दुरूपयोग विपक्षी नेताओं को डराने, धमकाने और बदनाम करने के लिए कर रही है और इनके माध्यम से पूँजी घरानों से वसूली भी कर रही है।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में शुक्रवार को अखिलेश यादव ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि तमाम कंपनियों से चंदा के नाम पर जो वसूली की गई है वह न होती तो कंपनी के तमाम कर्मचारियों की तनख्वा बढ़ती। उन्हें बोनस मिलता, नई नौकरियां मिलती लेकिन भाजपा तो पीडीए का हक मारने के लिए आरक्षण खत्म कर रही है। प्राईवेट वालों का सारा प्राफिट भाजपा इलेक्टोरल बॉण्ड के माध्यम से हजम करने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा खाऊ पार्टी है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी बढ़ी है। इसीलिए भाजपा हटाओं, नौकरी पाओ का नारा हर नौजवान को रट गया है। भाजपा ने जनता की जेबो में डांका डाल कर अपना खजाना भरा है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण उत्पादन प्रभावित हुआ है और असीमित भण्डारण से महंगाई बढ़ायी है।यादव ने कहा कि वैक्सीन के लिए कम्पनी से 500 करोड़ रुपए लिए गए इसलिए जबर्दस्ती हमें आपको वैक्सीन लगवाई जा रही थी। चुनाव से पहले ये बातें आई हैं तो जनता इस बार भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फेकेगी। उन्होंने कहा कि इलेक्टोरल बॉण्ड के चंदे के जरिए भाजपा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का कार्य कर रही है।विभाजनकारी विचारों को प्रसारित करने में इस्तेमाल कर रही है। संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की सुनियोजित साजिश रची जा रही है। सरकारी संस्थाओं की स्वतंत्रता का नष्ट किया जा रहा है। अब जनता भाजपा को केन्द्र की सत्ता से हटाकर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *