Dainik Athah

कार्यकर्ताओं की उम्मीदों को पूरा करना होगी सुनील शर्मा के लिए ‘चुनौती’

  • गाजियाबाद को कैबिनेट मंत्री पद मिलने के बाद
  • आने वाले दिनों में बढ़ सकता है पुलिस- प्रशासन पर दबाव
  • कार्यकर्ताओं में उत्साह तो है, पुलिस- प्रशासन को लेकर उम्मीदें भी जगी
  • समन्वय बैठक के लिए भी समय समय पर बढ़ेगा दबाव

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद
। उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल के विस्तार में गाजियाबाद जिले को कैबिनेट मंत्री बनने के बाद आने वाले दिनों में पुलिस- प्रशासन की परेशानियां बढ़ सकती है। कार्यकर्ताओं की उम्मीदों को पूरा करना भी नये बने मंत्री के सामने एक चुनौती होगी।
गाजियाबाद जिले को लंबे अर्से बाद कैबिनेट मंत्री पद मिल सका है। योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में गाजियाबाद शहर से विधायक अतुल गर्ग को राज्यमंत्री का पद मिला था। इसके बाद योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी दूसरी बार बनी भाजपा सरकार में बसपा से भाजपा में आये नरेंद्र कश्यप को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का पद मिला। बावजूद इसके भाजपा के कार्यकर्ताओं में वह उत्साह नहीं था जो सुनील शर्मा के मंत्री बनने के बाद नजर आया। सुनील शर्मा को इस सरकार में कैबिनेट मंत्री पद से नवाजा गया है।

सुनील शर्मा लगातार दूसरी बार साहिबाबाद क्षेत्र से विधायक हैं, जबकि गाजियाबाद सीट को जोड़ा जाये तो तीसरी बार विधायक बनें है। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र देश का सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र होने के साथ ही यहां के लोगों की समस्याएं भी अधिक है। सबसे बड़ी समस्या कोई सरकारी अस्पताल के न होने की है। इसके साथ ही पानी, इंदिरापुरम को नगर निगम को हैंड ओवर करने समेत दर्जनों समस्याएं है जिनके हल होने की उम्मीद क्षेत्र के लोगों को है।

सबसे मुख्य मुद्दा यह है कि सुनील शर्मा के कैबिनेट मंत्री बनने से पार्टी के आम कार्यकर्ताओं की उम्मीदें भी उनको लेकर बढ़ गई है। जिले में सबसे बड़ी समस्या कार्यकर्ताओं को सरकारी विभागों एवं पुलिस को लेकर आती है। कहा जाता है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को सरकार बने सात वर्ष होने के बाद भी यह अहसास नहीं हो रहा है कि प्रदेश में उनकी सरकार है। इसका कारण कार्यकर्त्ताओं को तव्वजो न मिलना है। इसके साथ ही पुलिस का व्यवहार भी उनके लिए परेशानी का सबब बनता है। ठीक ऐसी ही स्थिति जीडीए की है। वहां भी पार्टी के जिम्मेदार पदाधिकारियों को तव्वजो नहीं मिलती। जब जब जिले के प्रभारी मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की उनका पुलिस समेत अन्य विभागों के प्रति गुबार फूटा है।

अभी कल की ही बात है एक विधायक जो पूर्व की सरकार में मंत्री थे अनौपचारिक बातचीत में कहते हैं पुलिस- प्रशासन के साथ समन्वय बैठकें मंत्री जी जब चाहे कर सकते हैं। उनका बयान से भी उम्मीदें बढ़ी है। एक सुलझे हुए नेता कहे जाने वाले सुनील शर्मा आने वाले समय में इन परिस्थितियों का मुकाबला कैसे करेंगे और कैसे कार्यकर्त्ताओं को अहसास दिलायेंगे कि उनका सम्मान बढ़ेगा यह आने वाला समय ही बतायेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *