Dainik Athah

इंडिया गठबंधन और पीडीए देश में तरक्की लायेगा: अखिलेश यादव



अथाह संवाददाता
प्रयागराज।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा है कि इंडिया गठबंधन और पीडीए देश में परिवर्तन लाएगा। इंडिया गठबंधन भाजपा को देश में 400 सीटों पर हराएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को हटाना होगा। भाजपा हटाओ-लोकतंत्र बचाओ। भाजपा हटाओ-संविधान बचाओ। भाजपा हटाओ-नौकरी पाओ।
अखिलेश यादव ने मीडिया से वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और नौजवानों के सामने संकट पैदा किया है। भाजपा ने जनता से झूठा वादा किया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई बढ़ती गयी लेकिन किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य नहीं मिला। उन्होंने कहा नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार में हर प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। भाजपा की नीयत नौजवानों को नौकरी देने की नहीं है। छात्र-नौजवान दिन रात मेहनत कर पढ़ाई करते हैं। परीक्षाओं के पेपर देते हैं तो पता चलता है कि लीक हो गया।
यादव ने कहा प्रयागराज में परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-नौजवान जानते हैं कि नौकरी के लिए उन्हें कितना संघर्ष करना पड़ता है। हाल ही में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ। आरओ और एआरओ परीक्षा का पेपर लीक हुआ। इसके पहले कई प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो चुका है। इस सरकार में हर पेपर लीक हो रहा है। भाजपा सरकार जानबूझ कर पेपर लीक कराती है, जिससे नौकरी न देना पड़े। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। उन्होंने कहा नौजवानों को नौकरी पाना है तो भाजपा सरकार को हटाना होगा। भाजपा सरकार के रहते युवाओं को नौकरी रोजगार नहीं मिलेगा। जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त हैं। भाजपा समाज में नफरत फैला रही है। भाजपा सरकार में देश की सीमाएं असुरक्षित हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *