Dainik Athah

पीएम मोदी 2047 तक भारत को विकसित बनाने के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रहे हैं: भूपेंद्र सिंह चौधरी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी बुधवार को राजधानी लखनऊ के तुलसी उद्यान, गीता पल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लाइव संबोधन के साथ जुडे़। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अभियान का समापन पश्चिम बंगाल से करते हुए महिला सशक्तिकरण से राष्ट्र के सशक्तिकरण का मंत्र दिया। उनके संबोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से देश के कोने-कोने में बड़ी संख्या में लोगो ने सुना। लखनऊ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, नम्रता पाठक, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित तथा प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी तथा मातृशक्ति उपस्थित रहीं।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे है। मोदी के नेतृत्व में दस वर्षों में बनाई गई कार्ययोजना के क्रियान्वयन से भारत आजादी के 100वें वर्ष में विकसित भारत होगा और विश्व का नेतृत्व करेगा। देश के सभी नागरिकों की आत्मनिर्भरता से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा। प्रधानमंत्री ने नारियों के सशक्तिकरण से राष्ट्र के सशक्तिकरण की परिकल्पना को साकार रूप दिया है। यही कारण है कि केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, जनधन खाता जैसी तमाम योजनायें महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों के निर्माण से खुले में शौच जैसी समाजिक बुराई से देश मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने हरियाणा से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं अभियान को प्रारम्भ किया और बेटियों की क्षमताओं, परिश्रम तथा नेतृत्व से देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से मातृशक्ति को संसद एवं विधानसभाओं में निश्चित प्रतिनिधित्व से आधी आबादी पूरे अधिकारों के साथ देश का नेतृत्व करेगी। प्रदेश में योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में मां, बहन, बेटियां निर्भय है और प्रदेश महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
चौधरी ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता मोदी जी का परिवार है और देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन की खुशहाली मोदी जी की गारंटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *