Dainik Athah

साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, राजभर, दारा सिंह चौहान, अनिल कुमार ने ली मंत्री पद की शपथ

  • मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
  • ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका: सीएम योगी
  • चार नए मंत्रियों को राज्यपाल ने दिलाई शपथ

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार की योगी आदित्यनाथ सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार मंगलवार को हो गया। साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा, सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान और रालोद कोटे से अनिल कुमार को शपथ दिलाई गई।
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभकामनाएं दीं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार में आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी साथियों को हार्दिक बधाई!
मुख्यमंत्री ने कहा पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर उतारते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प की सिद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आप सभी के उज्ज्वल कार्यकाल के लिए मेरी मंगलमय शुभकामनाएं।

राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने दिलाई शपथ
योगी मंत्रिमंडल में मंगलवार को चार नए मंत्रियों ने शपथ ली। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने इन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को राजभवन के गांधी सभागार में आयोजित किया। योगी सरकार में ओमप्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, सुनील शर्मा व अनिल कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही योगी मंत्रिमंडल में अब 56 मंत्री हो गए हैं। राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नवनिर्वाचित मंत्रियों को पुष्प देकर शुभकामनाएं दीं।

तीसरी बार विधायक बनें है सुनील शर्मा
सुनील शर्मा पहली बार गाजियाबाद विधानसभा सीट से विधायक बनें थे। सीटों का परिसीमन होने के बाद साहिबाबाद विधानसभा अलग बन गई। अलग विधानसभा बनने के बाद बसपा के अमरपाल शर्मा ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में सुनील शर्मा लगातार दो बार से विजयी हो रहे हैं। 2022 में उन्होंने प्रदेश में सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज की थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *