Dainik Athah

नोएडा विधायक पंकज सिंह की मेहनत लाई रंग, अब होगा समाधान

  • नोएडा- ग्रेनो के किसानों की समस्या के लिए बनी उच्चस्तरीय कमेटी
  • कमेटी के अध्यक्ष होंगे राजस्व परिषद के अध्यक्ष
  • पिछले कई दिनों से पंकज सिंह मुख्यमंत्री के साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय के संपर्क में थे

अथाह संवाददाता, नोएडा। अपनी विभिन्न समस्याओं के लिए पिछले लंबे समय से आंदोलन कर रहे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के किसानों की समस्या का अब समाधान हो सकेगा। नोएडा विधायक पंकज सिंह के प्रयासों से किसानों की समस्या के समाधान की भूमिका तैयार हो गई है। किसानों की समस्या के समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राजस्व परिषद के अध्यक्ष की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
बता दें कि लंबे समय से आंदोलनरत किसानों के बीच जाकर कुछ समय पहले विधायक पंकज सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा था कि किसानों की समस्या का समाधान करवाना उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने औद्योगिक विकास विभाग के अधिकारियों को भी जमकर खरीखोटी सुनाई थी। इसके बाद से ही वे लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सभी संबंधित से मिलकर समस्या का जल्द समाधान करवाने के लिए सक्रिय थे। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर किसानों की समस्या का समाधान करने के लिए कमेटी का गठन किया गया है।

बुधवार को देर शाम इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय से अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने पत्र जारी कर कमेटी का गठन किया है। कमेटी के अध्यक्ष राजस्व परिषद के अध्यक्ष को बनाया गया है। इसके साथ ही सदस्य के रूप में मंडलायुक्त मेरठ एवं जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर है। गोयल ने पत्र में कहा है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्रों में किसान अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलनरत है। किसानों से बात कर उनकी समस्याओं के संबंध में विचार विमर्श करने व समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। अपर मुख्य सचिव ने नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे कमेटी को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। कमेटी तीन माह में अपनी रिपोर्ट प्रदेश सरकार के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

किसानों की समस्याओं के समाधान को कमेटी बनाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार: पंकज सिंह

किसानोें की समस्या के समाधान के लिए कमेटी बनाने पर नोएडा विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से कमेटी गठित की गई जो तीन माह में अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेंगी। अब किसान कमेटी के समक्ष अपनी बात रख सकेंगे। उन्होेंने उम्मीद जताई कि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *