Dainik Athah

हम हर बूथ पर जीत के लक्ष्य के साथ कार्य करें: बैजयंत जय पांडा

भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों- क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में हमारे पास युगदृष्टा नेता है: योगी आदित्यनाथ

प्रत्येक बूथ को अभेद्य बनाकर जीतने के लक्ष्य के साथ काम करना है: भूपेंद्र सिंह चौधरी

बिना थके, बिना रूके परिश्रम को परिणाम में परिणित करें: धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चो के अध्यक्षों और क्षेत्रीय अध्यक्षों की बैठक मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर सम्पन्न हुई। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा की उपस्थिति में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सम्मिलित हुए। बैठक में पार्टी द्वारा चलाए गए अभियानों व कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश में सभी 80 लोकसभा सीटों पर जीत के संकल्प के साथ आगामी कार्यक्रमों, अभियानों के संदर्भ में भी विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने अपने संबोधन में कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार बनने के बाद विगत 10 वर्षों में अभूतपूर्व कार्य हुए है। उन्होंने कहा केन्द्र की भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवान सहित समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज योगी सरकार की प्रशंसा और उसके द्वारा किये जा रहे लोककल्याणकारी कार्यो की प्रंशसा चारों ओर हो रही है।
बैजयंत जय पांडा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने सुशासन और कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने कहा आज पूरा देश मोदी मय है। जनता को मोदी की गारन्टी पर पूरा भरोसा है। लोकसभा चुनाव प्रभारी ने पार्टी पदाधिकारियों का आहवान किया कि पार्टी संगठन की योजनानुसार अगले 100 दिन हमें देश में फिर एक बार मोदी सरकार के संकल्प के साथ केन्द्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए काम करना है। इसके लिए आवश्यक है कि हम हर बूथ पर जीत के लक्ष्य के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा देश की जनता ने संकल्प ले लिया है कि 2024 में नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। उत्तर प्रदेश में इतिहास को रच कर लक्ष्य को पूर्ण करना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में हमारे पास युगदृष्टा नेता है। जो काल के कपाल पर स्वर्णिम इतिहास का सृजन कर रहे है। उन्होंने कहा कि जनता से सतत सम्पर्क व सतत संवाद की भाजपा परम्परा विजय का आधार है। इसलिए हमें प्रत्येक बूथ, प्रत्येक घर और प्रत्येक व्यक्ति तक सम्पर्क और संवाद के माध्यम से केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं तथा पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का काम करना है। प्रत्येक बूथ पर बूथ जीता-चुनाव जीता के संकल्प के साथ रणनीति बनाकर काम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश का वातावरण हमारे पक्ष में है, पूरे देश का विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अटूट है। फिर भी हमें पूरी मेहनत और परिश्रम के साथ काम करते हुए प्रत्येक बूथ पर निश्चित जीत और जीत का अन्तर बढ़ाने के लिए काम करना है। भाजपा का विकास मॉडल सबका साथ, सबका विकास की नीति पर केन्द्रित है, जो जन-जन के विकास से राष्ट्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की 500 वर्षो की लम्बी प्रतिक्षा समाप्त हुई और आज भारतीय संस्कृति को गौरवान्वित करते हुए भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण हुआ है। जिसमें विराजे प्रभु श्री राम लला अपने भक्तों को दर्शन दे रहे है। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा राष्ट्रवाद के पथ पर आगे बढ़ते हुए भारतीय संस्कृति के पुनरोत्थान के साथ राष्ट्र के विकास की है, जिसके लिए हम संकल्पित है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि देश तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प ले चुका है। जनमानस के संकल्प के साथ हमें भी अपने परिश्रम के संकल्प को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव अब नजदीक है, ऐसे में भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपना एक-एक क्षण परिश्रम से सरावोर करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता वैभवशाली राष्ट्र निर्माण के लिए लगातार काम कर रहे है। बूथ की मजबूत संरचना भाजपा की विशेष राजनैतिक शैली बन चुकी है। इसलिए प्रत्येक बूथ को अभेद्य बनाकर जीतने के लक्ष्य के साथ काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भाजपा सरकारों में पं. दीनदयाल उपाध्याय जी का अंत्योदय दर्शन साकार रूप ले रहा है। विपक्ष के पास न नीति है और न ही उसकी नियत साफ है। लगातार जनमानस विपक्ष को नकार रहा है। परन्तु फिर भी विपक्ष अफवाहों व झूठ का सहारा लेकर भ्रम फैलाने तथा षड़यंत्र रचने का काम करेगा। हमें एक-एक झूठ-फरेब, अफवाहों और षडयंत्र से सजग भी रहना है और उसका पुरजोर जबाब भी देना है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता परिश्रम का पर्याय है और वह प्रत्येक परिस्थिति में विजय का परिणाम देने में सक्षम है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्तमान में बूथ स्तर पर पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता दीवार लेखन का काम कर रहे है। इसके साथ ही नमो एप पर विकसित भारत एम्बेसडर बनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओ,ं नीतियों व विचारों से युवाओं, महिलाओं, किसानों, कामगारों, व्यापारियों, शिक्षकों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं, चिकित्सको सहित सभी वर्गो को जोड़ने का काम भाजपा कार्यकर्ता कर रहे है। उन्होंने कहा कि गांव चलो अभियान के माध्यम से प्रवासी कार्यकर्ता गांवो में तथा शहरी क्षेत्रों में बूथों पर 24 घंटे का प्रवास कर रहे हैं और प्रत्येक घर की दहलीज पर पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति से सम्पर्क कर रहे है। स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी गांव-गांव में आमजन से जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी एनजीओ व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर रही है और आधी आबादी तक भाजपा सरकारों की योजनाएं, ऐतिहासिक निर्णय व भाजपा की विचारधारा पहुंच रही है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बडे वर्ग के बीच सम्पर्क व संवाद के माध्यम से पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंच रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से लाभार्थियों से तथा आम लोगां से सम्पर्क व संवाद में प्रदेश इकाई ने कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आगामी समय बिना थके, बिना रूके परिश्रम को परिणाम में परिणित करने की योजना पर काम करने का है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *