Dainik Athah

कांग्रेस पार्टी ने परिवारवाद व भ्रष्टाचार की राजनीति से देश को कमजोर किया: केशव प्रसाद मौर्य

  • भाजपा ओबीसी मोर्चा का युवा संवाद सम्मेलन
  • उप्र की सभी 80 सीटें जीतेने के लिए ओबीसी मोर्चा सामाजिक सम्मेलन करेगा: नरेंद्र कश्यप

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद’ सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पार्टी पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा परिवारवाद व भ्रष्टाचार की राजनीति करके ही देश और देश के लोकतंत्र तथा गरीबों को और कमजोर करके काम किया है, जिससे देश की प्रगति बहुत धीमी गति से हो सकी, लेकिन देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार बनने के बाद 10 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था एवं विकास चरम को छू रहा है।
उन्होंने पिछड़े वर्गों के नौजवानों से आह्वान करते हुए भारत को 2027 तक विकसित भारत बनाने के लिए भारत के प्रधानमंत्री का समर्थन करना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ओबीसी युवा संवाद कार्यक्रम में आये हुए सभी नौजवानों को 22 जनवरी, 2024 में अयोध्या में रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा की बधाई और शुभकामनाएं भी प्रेषित की तथा प्रसन्नता जाहिर करते हुए सबको बधाई दी।
केशव प्रसाद मौर्या सोमवार को ओबीसी मोर्चा के तत्वाधान में ओबीसी युवा संवाद कार्यक्रम, विश्वेश्रैया हॉल, लखनऊ में शुभारंभ के समय अपना उद्बोधन दे रहे थे। उन्होंने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के सभी 80 सीटों को जीतकर कागजी महागठबंधन के सभी घटक दलों-समाजवादी पार्टी व कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में खाता भी नहीं खोलने देगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मोदी-योगी की डबल इंजन की सरकार में देश व उत्तर प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को संवैधानिक अधिकारों के साथ राजनैतिक अधिकार मिले हैं, उससे देश व प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के लोग देश की मुख्य धारा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की सरकार ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया और ओबीसी कमीशन के चेयरमैन को कैबिनेट का दर्जा देकर ओबीसी समाज के संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित करने का बड़ा काम किया है।
मौर्या ने कहा कि देश में ओबीसी समाज को नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में 27 प्रतिशत आरक्षण और केन्द्रीय विद्यालय, सैनिक विद्यालय में भी 27 प्रतिशत आरक्षण देकर देश के पिछड़े वर्गों के जवानों की बौद्धिक शक्ति को बढ़ाने का नया उदाहरण है, जिससे ओबीसी समाज के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में तो आगे बढ़ेंगे ही, साथ ही साथ डॉक्टर, इंजीनियर और बड़े महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त होकर अपने समाज का विकास करेंगे।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि आगामी लोक सभा चुनावों में उप्र की सभी 80 सीटें जीतेने के लिए ओबीसी मोर्चा सामाजिक सम्मेलन करेगा तथा समाज के प्रत्येक वर्ग व समाज को भाजपा की नीतियों के साथ जोड़ते हुए मोदी-योगी के नेतृत्व में हुए पिछड़े वर्गों के हित में कार्यों को बतायेगा। उन्होंने बताया कि उप्र में ओबीसी मोर्चे ने सभी 18 मंडलों में मंडल स्तरीय सामाजिक सम्मेलन तथा 17 नगर निगमों में ओबीसी समाज के महा सम्मेलन करेगा और ओबीसी समाज के युवाओं को भाजपा के समर्थन में जोड़ने के लिए सभी 75 जिलों में ओबीसी युवा संवाद कार्यक्रम भी करेगा। इसकी विस्तृत रूपरूखा तैयार कर ली गयी है।
मोर्चा के प्रदेश प्रभारी भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान ने बताया कि प्रत्येक दशा में उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग समाज के युवक-युवतियों को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ते हुए उनके भविष्य को स्वावलम्बी बनाने में हमारी सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सम्मेलन में भाजपा ओबीसी मोर्चे के प्रदेश महामंत्री रामचन्द्र प्रधान, युवा संवाद कार्यक्रम के सह-संचालक ऋषि चौरसिया, मोर्चे के प्रदेश महामंत्री विनोद यादव व संजय भाई पटेल आदि अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित हुए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *