Dainik Athah

भाजपा महंगाई- बेरोजगारी रोकने में विफल: अखिलेश यादव

थाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की सरकार ने जनता से किए गए पहले के वायदो को पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी रोकने में विफल है। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। जनता भाजपा से दु:खी है। सीमा पर जवान शहीद हो रहे हैं। सीमाएं असुरक्षित हैं। ऐसी भाजपा सरकार को जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में जरूर हटा देगी।
यादव मंगलवार को बाराबंकी में पूर्व विधायक अशर्फी लाल यादव की प्रतिमा के अनावरण के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की दस साल की सरकार में एक लाख से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। कहा कि लोकसभा के चुनाव में सपा इंडिया गठबंधन को मजबूत कर रही है। इंडिया गठबंधन भाजपा को हरायेगा। उन्होंने कहा कि पीडीए हमारे साथ है। भाजपा सरकार पीडीए के खिलाफ है। पीडीए के साथ अन्याय हो रहा है। समाजवादी पार्टी का पीडीए एकजुट होकर भाजपा को हराएगा।

इससे पहले आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। किसानों को बर्बाद कर दिया। भाजपा अब विकसित भारत बनाने का झूठा सपना दिखा रही है। किसान, नौजवान परेशान है। भाजपा ने दस साल की सरकार में जनता को क्या दिया? क्या सिर्फ सपना दिखाने से देश विकसित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तमाम सरकारी संस्थानों को बेच दिया। निवेश के नाम पर विज्ञापन दिए गए लेकिन निवेश नहीं आया। बड़े पैमाने पर नौजवान बेरोजगार है। गांवों में 80 से 90 फीसदी नौजवान बेरोजगार है। जो काम करना चाहता है उसके पास नौकरी और काम नहीं है। भाजपा पिछड़े, दलितों के साथ साजिश कर जानबूझ कर अग्निवीर भर्ती लायी। फौज में गरीब किसान के बेटे जाते हैं। भाजपा ने उनकी नौकरी आधी अधूरी कर दी। समाजवादी सरकार आएगी तो अग्निवीर योजना खत्म कर नौजवानों को पहले की तरह सेना की पूरी नौकरी दी जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *