Dainik Athah

भाजपा ने उप्र को पिछड़ा राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ा राज्य बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा सरकार के बड़े-बड़े दावों की पोल खुल गई है। महिलाओं के अपराध में उत्तर प्रदेश नंबर एक है। पुलिस हिरासत में लोगों की मौतों के मामले में भी उत्तर प्रदेश अव्वल है। बिजली, पानी, सड़क में कोई प्रगति नहीं हुई है। हर तरफ अराजकता की स्थिति है।
उन्होंने कहा भाजपा ने नमामि गंगा प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया है। गंगा आज तक निर्मल नहीं हो पाई। न वरूणा साफ हुई और न काली नदी। समाजवादी सरकार में गोमती नदी की सफाई और सुन्दरीकरण की योजना बनी और कार्यान्वित हुई। गोमती रिवरफ्रंट आज आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। शहर में जनेश्वर मिश्र पार्क और लोहिया पार्क आॅक्सीजन का मुख्य केन्द्र बने हैं, जिन्हें भाजपा सरकार ने पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा बरेली में पीडब्लूडी अफसरों ने मुख्यमंत्री जी से एक टूटी सड़क का लोकापर्ण करा दिया। इस सड़क के कई हिस्सों में गड्ढे हैं। नवाबगंज, बीजामऊ मार्ग के 16वें किलोमीटर तक गड्ढे ही गड्ढे हैं। इस सड़क पर कम से कम 30 गावों के डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों का आवागमन रहता है।
यादव ने कहा भाजपा सरकार का स्मार्टसिटी दावा मतलब कूड़े-कचरे की फुल गारंटी। राजधानी लखनऊ इस बार कई पायदान नीचे स्मार्टसिटी के मानकों पर फिसल गया। राजधानी लखनऊ में कूड़ा निस्तारण की ठीकठीक व्यवस्था नहीं बन पाई है। अन्य जनसुविधाओं में भी यह शहर फिसड्डी साबित हो रहा है। बरेली में हर गली, सड़क पर गंदगी और कचरे का अम्बार, महिलाओं के लिए बनाए गए पिंक शौचालय बदहाल हैं। मुख्यमंत्री का दावा है कि वे गोमाता के बड़े भक्त हैं किन्तु उनकी सरकार में गौशालाओं में गायों की दुर्दशा है। चारे और चिकित्सा तक की सुचारू व्यवस्था नहीं है। बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए प्रतिमाह करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार हो रहा है। सर्दी से बीमार गायों को बचाने के भी इंतजाम नहीं है। ठंड से गाएं मर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *