Dainik Athah

समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभाने जा रही है: अखिलेश यादव

सपा के जिला व महानगर अध्यक्षों की बैठक संपन्न


अथाह ब्यूरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते 2024 के लोकसभा चुनावों में उसे हराने को तैयार है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है। वह इस तरह की रणनीति अपनाती है जिससे मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटके। इस बार के चुनाव में लोकतंत्र, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।
यादव सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में पार्टी के सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सपा संगठन को सेक्टर और बूथस्तर तक मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें संगठन पर पूरा भरोसा है। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभाने जा रही है। सभी जिलाध्यक्ष कार्यकतार्ओं को बूथस्तर पर चिह्नित करके जिम्मेदारी देंगे। कई जिलों में वोटर लिस्ट पर अच्छा काम हुआ है। बूथ स्तर पर नेता और कार्यकर्ता अधिकारियों के मिलकर कहां वोट कटा और कहां वोट बढ़ा उसकी जानकारी करेंगे और उस पर नजर भी रखेंगे। क्योंकि चुनाव में भाजपा हर तरह का हथकंड्डा अपना सकती है। वह चुनाव आयोग को दबाव में भी ले सकती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दुगुनी नहीं हुई। नौजवान बेरोजगार है। भाजपा की 10 साल की सरकार में देश में एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली है। भाजपा सरकार प्रधानों के बजट से प्रचार करके जनता को विकसित भारत का झूठा सपना दिखा रही है। उन्होंने कहा कि सिर्फ नारों से देश विकसित नहीं होगा। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। जीएसटी ने महंगाई और बढ़ा दी है। महंगाई बढ़ाकर सरकार मुनाफा कमा रही है। ज्यादा मुनाफा कमाना और लाभ लेना भी भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है। पहले खाद की बोरी से 5 किलो खाद कम किया गया अब एक बार फिर 5 किलो खाद कम कर दिया गया जबकि कीमत उतनी ही है। जो खाद की बोरी 50 किलो की थी अब वह 40 किलो की रह गई है। भाजपा सरकार ने उद्योगपतियों का 10 लाख करोड़ से ज्यादा का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कोई कर्ज माफ नहीं हुआ। भाजपा सरकार में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है।
यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की कोशिश है कि जो गठबंधन बना है उसे मजबूत करे। गठबंधन में जो दल जहां से लड़ेगा समाजवादी पार्टी पूरी ताकत से उसकी मदद करेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *