Dainik Athah

महान समाजसेविका थी सावित्री बाई फुले: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में बुधवार को देश की प्रथम महिला शिक्षक सावित्रीबाई फुले की जयंती सादगी के साथ मनाई गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। वरिष्ठ समाजवादी एवं पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले भारत में शिक्षा की ज्योति जलाकर महिला सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त करने वाली महान समाजसेविका थी। उन्होंने शैक्षिक, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से महिलाओं को आगे बढ़ाया। समाज के शोषित-पीड़ित वर्ग को भी अपने अधिकारों और सम्मान के लिए जागरूक कर नया समाज बनाने की दिशा दी। उन्होंने अपने पति के सहयोग से देश का पहला महिला स्कूल खोला था। उन्होंने कहा कि जाति की जंजीरों को तोड़कर महिलाओं में नई चेतना जगाने में सावित्रीबाई फुले का बड़ा योगदान रहा है। समाज में व्याप्त छुआछूत और अंधविश्वास के खिलाफ उन्होंने संघर्ष किया। उन्होंने विधवा महिलाओं के पुनर्विवाह का न केवल समर्थन किया अपितु उसे आंदोलन का रूप भी दिया।
इस अवसर पर बलराम यादव एवं राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, डा. साजी पोथेन थॉमस प्रदेश अध्यक्ष केरल समाजवादी पार्टी, काशीनाथ यादव एवं धर्मेन्द्र सोलंकी आदि प्रमुख नेताओं ने भी सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *