Dainik Athah

क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए दूरगामी सोच की आवश्यकता होती है: असीम अरुण

  • मोदीनगर नगर पालिका के सभासदों के साथ जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने की बैठक
  • मोदीनगर के बेगमाबाद नाले के प्रस्ताव को मंजूर करवायें माननीय मंत्री: विनोद जाटव वैशाली

अथाह संवाददाता
मोदीनगर।
प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए दूरगामी सोच की आवश्यकता होती है।
असीम अरुण मंगलवार को मोदीनगर नगर पालिका में सभासदों के साथ बैठक कर रहे थे। इस मौके पर विनोद वैशाली जाटव चेयरमैन मोदीनगर और ईओ नरेंद्र मोहन मिश्रा ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया गया कि मोदीनगर नगर पालिका में 34 वार्ड है। सभी वार्डों में विकास कार्य किये जा रहे हैं और कुछ विकास कार्यों की मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं।
इस मौके पर असीम अरूण ने सभासदों से कहा कि आप लोगों को सबसे पहले नियम कानूनों की जानकारी होनी चाहिए। सप्ताह में एक दिन प्रशिक्षिण सत्र होना चाहिए जिससे आपको अपने कार्यों और अधिकारों के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्ययोजना बनाते हुए प्रस्ताव भेजने चाहिए। सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं की पूर्ण जानकारी लेनी चाहिए और क्षेत्र के विकास के लिए किस योजना से लाभ मिल सकता हैं उसके तहत कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए दूरगामी सोच की आवश्यकता होती है। सभी सभासदों सहित क्षेत्र के विकास से सम्बंधित सभी अधिकारियों को विचार विमर्श कर कार्य करना चाहिए। साथ ही आय के साधन बढ़ाने की भी बेहद जरूरत है।

असीम अरुण ने कहा कि वे अन्य स्थानों पर भी जाते हैं, लेकिन वहां पर सदन युद्ध के मैदान में बदल जाता है। यहां पर यह देखकर अच्छा लगा कि सभासदों का आपस में और नगर पालिका प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल है। उन्होंने ईओ नरेंद्र मोहन मिश्रा की सराहना भी की। इस मौके पर चेयरमैन विनोद जाटव वैशाली ने कहा मोदीनगर में बेगमाबाद नाला बड़ी समस्या है। मंत्री जी इसका प्रस्ताव मंजूर करवा दें तो मोदीनगर की बड़ी समस्या हल हो जायेगी। इस मौके पर विधायक डा. मंजू शिवाच, भाजपा जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *