Dainik Athah

देश के भविष्य के लिए अमर शहीद मेजर आशाराम त्यागी ने अपना जीवन न्यौछावर किया: असीम अरूण

  • जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण- सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने किया महावीर चक्र विजेता शहीद आशाराम त्यागी को नमन
  • ईमानदारी के रास्ते पर चलते हुए देश की समृद्धि में अपना योगदान दें: असीम अरुण
  • मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत, आतंकी परेशान: डा. सत्यपाल सिंह

अथाह संवाददाता
मोदीनगर
। जिले के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि शहीद मेजर आशाराम त्यागी ने देश के भविष्य के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।
असीम अरुण मंगलवार को मोदीनगर में अमर शहीद महावीर चक्र विजेता मेजर आशाराम त्यागी की जन्म जयंती के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। असीम अरूण, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण विभाग एवं बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में अमर शहीद मेजर आशाराम त्यागी की मूर्ति को पुष्पा माला पहनाते हुए पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सन 1965 में भारत- पाक युद्ध में मेजर आशाराम त्यागी ने वीरता से पाकिस्तानी टैंकों को नेस्तनाबूद किया और वीरता से युद्ध करते हुए शहीद हो गए। हमें अपने फौजी भाईयों पर गर्व है और सभी देशवासियों को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा पाकिस्तान ने भारत को तोड़ने के लिए आतंकवादियों को पाला और आज उसी आतंकवाद से पाकिस्तान बरबाद और परेशान है। हमें चाहिए कि हमें ईमानदारी से कार्य करना चाहिए और ना ही किसी भी प्रकार की रिश्वत देनी चाहिए और ना ही किसी भ्रष्टाचार और बेईमानी में पड़ना चाहिए। हमें ईमानदारी के रास्ते पर चलते हुए देश की समृद्धि में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा आज मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है, यह मोदी दूरगामी सोच और हम सभी के सहयोग से ही सम्भव हो पा रहा है।

इस मौके पर सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश इतना मजबूत हो गया है कि आज आतंकवादी किसी भी गलत घटना को अंंजाम नहीं दे पा रहे हैं। 2014 से पूर्व फौजी और पुलिस के हजारों वीर जवान शहीद हो जाते थे, लेकिन अब वह संख्या सैकड़ों में रह गयी हैं। हम सभी को एक होकर भारत देश को आगे बढ़ाते चलना है।

अमर शहीद मेजर आशाराम त्यागी ट्रस्ट एवं नगर पालिका मोदीनगर द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि असीम अरूण, सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, विधायक डॉ. मंजू शिवाच, भाजपा जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान, नगर पालिका चेयरमैन विनोद वैशाली जाटव, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, सतेन्द्र त्यागी, रामआसरे शर्मा पूर्व चेयरमैन मोदीनगर सहित अन्य अतिथिगणों को फूलमाला पहनाकर ट्रस्ट के पदाधिकारियों डॉ. नरेन्द्र त्यागी संस्थापक, दयास्वरूप त्यागी अध्यक्ष, डॉ. पवन सिंघल, प्रवीन जैनर ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर संगीत मंडली ने हरेन्द्र नागर ने अतिथियों के स्वागत में गीत, मेजर आशाराम त्यागी पर एक गीत सहित अन्य गीत प्रस्तुत किए गए।
मंच संचालन करते हुए श्री प्रवीन जैनर ने महावीर चक्र अमर शहीद मेजर आशाराम त्यागी के बारे में बताते हुए कहा कि मेजर साहब का जन्म फतेहपुर सीकरी, मोदीनगर, में हुआ था। सन 1961 में वे फौज में भर्ती हुए थे और सन 1965 में भारत—पाक युद्ध के दौरान उन्होने वीरता से युद्ध करते हुए पाकिस्तानी टैकों को बमों से उठाया, उसी दौरान उनके सीने पर दो गोली लग गई थी जिसके कि वे शहीद हो गए। उनकी वीरता के लिए हम उन्हें नमन करते हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी मंचाशीन अतिथियों द्वारा उपस्थित गणमान्यों को सम्बोधित किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों सहित एनसीसी के छात्र भी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *