Dainik Athah

निगम ने 3 नामजद समेत 30 के खिलाफ दर्ज करवाई रिपोर्ट, विरोध में रोके कूड़े के वाहन

  • नगर निगम के कूड़ा डालने के विरोध में यज्ञ
  • किसानों के यज्ञ स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात

अथाह संवाददाता
मुरादनगर।
पाइप लाइन मार्ग स्थित मकरेडा गांव के निकट गाजियाबाद नगर निगम का कूड़ा डालने के विरोध में एक सप्ताह से यज्ञ चल रहा है। नगर निगम गाजियाबाद ने तीन लोगों को नामजद करते हुये 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को गाजियाबाद की ओर से कूड़ा भरकर आ रहे है डंपरो को गांवो में रोक दिया। जिससे पुलिस व ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस, प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी।

विकास संघर्ष समिति के सचिव सलेक भईया ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम पूरे शहर का कूड़ा पाइप लाइन मार्ग स्थित मकरेड़ा गांव के पास डाल रहा है। जिससे कूडेÞ का पहाड़ बन गया है। उन्होंने बताया कि कूड़ा हटाने की मांग को लेकर समिति ने जिलाधिकारी गाजियाबाद आरके सिंह, नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर पहले ही अवगत करा दिया था। उन्होनें बताया कि दर्जनों गांवों के लोग डंपिंग ग्राउंड बनाने के विरोध में विगत 17 दिसंबर से शांतिपूर्ण यज्ञ कर रहे है। यज्ञ शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। नगर निगम के अधिकारियों ने सलेक भईया, डा. जयश्री सहित तीन लोगों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मंगलवार सुबह से ही ग्रामीणों ने गाजियाबाद से कूड़ा भरकर आ रहे डंपरो को गांव -गांव में रोक दिया और मंगलवार शाम को पाइप लाइन मार्ग पर काफी संख्या में महिलाऐं व 12 गांवों के स्कूल के बच्चे यज्ञ में आहुति देने पहुंचे। बड़ी संख्या में भीड़ को देखते हुये पुलिस, प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया था। नगर निगम के उच्च अधिकारियों को ग्रामीणों के साथ वार्ता करने के लिए बुलाया। नगर निगम के नगर स्वास्थ अधिकारी डा. मिथलेश कुमार ग्रामीणों से वार्ता करने पहुंचे थे।

नगर स्वास्थ अधिकारी का कहना है कि कोई भी ग्रामीणा डंपर को कूड़ा डालने से नहीं रोकेगा तभी वार्ता होगी। इस पर कोई भी ग्रामीण तैयार नहीं हुआ। धरने को बबली गुर्जर, टीकम सिंह नागर, राहुल प्रधान, ममता चौधरी ने भी अपना समर्थन देने की घोषणा की। धरना स्थल पर सलेक भईया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौ. आजाद सिंह, प्रवीण त्यागी, शिवराज त्यागी, बीसी बंसल एडवोकेट, दक्ष नागर सहित व बड़ी संख्या में महिलाऐं, बच्चे उपस्थित थे।

बता दें कि क्षेत्रीय विधायक अजीतपाल त्यागी ने मुख्यमंत्री के समक्ष मकरेड़ा गांव के निकट कूड़ा डालने की समस्या उठाई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि कूड़ा डालने का स्थाई समाधान तलाश करे। कूड़ा निस्तारण की समस्या को लेकर विधायक अजीतपाल त्यागी जिलाधिकारी आरके सिंह, नगर निगम आयुक्त विक्रामादित्य सिंह मलिक से बात करेंगे। जिससे कूड़ा डालने का स्थाई समाधान हो सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *