Dainik Athah

भाजपा सरकार ने अब तक जनहित में एक भी काम नहीं किया : अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो

 लखनऊ।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में विकास के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश लगातार पिछड़ता जा रहा है। इस सरकार के पास न तो प्रदेश की प्रगति का कोई विजन है और नहीं उसमें इच्छाशक्ति है। वह केवल प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह कर रही है। सात सालों से लगातार सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा सरकार ने अब तक जनहित में एक भी काम नहीं किया है। सिर्फ समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बता कर वाहवाही लेने की कोशिश करती है।
    उत्तर प्रदेश के विकास के लिए निवेशक सम्मेलन की नींव समाजवादी पार्टी की सरकार में रखी गई थी। तब देश के बड़े-बड़े उद्योगपति आए ही नहीं उनके साथ जो एमओयू हुए उनको जमीन पर भी उतारा गया। लखनऊ के चकगंजरिया में आईटी हब बना। एचसीएल कम्पनी के साथ अन्य आईटी कम्पनियां यहां काम कर रही है। अमूल दूध का प्लांट लगा। नौजवानों को तमाम नौकरियां मिली। अनेक फिल्म निर्माता प्रदेश में आये थे।
    भाजपा सरकार ने ग्लोबल समिट तक कर डाली। निवेशकों को निमंत्रण देने मुख्यमंत्री जी के अलावा दूसरे कई मंत्री भी विदेशों तक दौड़ आये। बम्बई, कलकत्ता की भी खाक छान ली लेकिन दिखावे के एमओयू के लिए भी जमीन की तलाश जारी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है, जो उद्योगपति आना चाहते थे वे भी नहीं आ रहे हैं। पता चला है अब सरकार उन्हें ढूंढ रही है।
    भाजपा सरकार ने दावा किया कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ रूपये के निवेश के प्रस्ताव मिले। लेकिन अभी तक कहीं एक भी उद्योग नहीं लगा। उद्योगपति जो पहले आने को इच्छुक थे वे यहां की नौकरशाही की अड़ंगेबाजी और भ्रष्टाचार के चलते नहीं आना चाहते है। राज्य में निवेश शून्य है।
    उत्तर प्रदेश में आने वाले उद्यमियों को भाजपा सरकार प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए भूमि नहीं दे पा रही है। विभिन्न विभाग एनओसी देने में खूब परेशान कर रहे हैं। चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में सामान्य सुविधाएं भी नहीं मुहैया कराई जा रही है। भाजपा सरकार की उदासीनता और भ्रष्टाचार के चलते निवेशक निवेश करने से डर रहे हैं। निवेशक का प्रवेश उत्तर प्रदेश में पूरी तरह बंद है। भाजपा सरकार की यही उपलब्धि है जबकि हकीकत यह है कि भाजपा सरकार अपने बजट का 60 प्रतिशत पैसा भी खर्च नहीं कर पाई है। ऐसे में प्रदेश के विकास की योजनाओं को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाने की आशा कैसे की जा सकती है? यह भाजपा सरकार तो विकास का विनाश करने वाली सरकार बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *