Dainik Athah

रविवार तक मुख्यमंत्रियों के नाम तय कर सकती है भाजपा

राजनाथ सिंह बनें राजस्थान, खट्टर मप्र, मुंडा छग के पर्यवेक्षक नियुक्त


अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली।
तीन राज्यों में चुनाव जीतने के चार दिन बाद आखिरकार भारतीय जनता पार्टी ने तीनों राज्यों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। सर्वाधिक संवेदनशील राज्य राजस्थान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में तीन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके बाद माना जा रहा है कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया बगावत करती है तो उससे निपटने की तैयारी भी भाजपा नेतृत्व ने कर ली है। उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार तक भाजपा मुख्यमंत्रियों के नाम तय कर दें।
विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को सुबह राजस्थान में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। राजस्थान में राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े, सरोज पांडे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें कि राजनाथ सिंह तीन बार भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष रह चुके हैं। वसुंधरा राजे की उनसे भी पटरी नहीं बैठी थी, लेकिन उनके तीसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद वसुंधरा पूर्व राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के साथ राजनाथ सिंह से मिलने पहुंची थी, उसके बाद संबंध सामान्य हो गये थे।
इसके साथ ही भाजपा ने मध्य प्रदेश में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, के लक्ष्मण और आशा लाकड़ा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उम्मीद है कि शनिवार तक सभी पर्यवेक्षक राज्यों में पहुंच जायेंगे और उम्मीद है कि रविवार तक मुख्यमंत्रियों के नाम तय कर लिये जायें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *