Dainik Athah

महान समाज सुधारक के रूप में हमेशा याद किया जायेगा डा. अंबेडकर को: अखिलेश यादव

सपा ने दी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ सहित सभी जिलों के समाजवादी पार्टी कार्यालयों में बुधवार को बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने डा. भीमराव अंबेडकर की स्मृति को नमन करते हुए कहा कि बाबा साहब को भारतीय संविधान के निमार्ता एवं महान समाज सुधारक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरूद्ध अभियान चलाकर सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी और शोषित वंचित वर्ग को आरक्षण तथा सम्मान से जीने का अधिकार दिलाया। एक व्यक्ति एक मत का विधान बनाकर उन्होंने गरीब-अमीर सबको एक समान वोट का अधिकार दिया। यह उनका सबसे बड़ा योगदान है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय समाज में जाति को लेकर भेदभाव दूर करने के लिए गांधी जी के साथ बाबा साहब ने दलितों, वंचितों, शोषितों और आदिवासियों को भी सामाजिक न्याय दिलाने का काम किया। संविधान की व्यवस्था के अनुसार मंडल कमीशन से पिछड़ों, दलितों के हक और सम्मान की लड़ाई समाजवादी पार्टी लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना की मांग सड़क से सदन तक उठा रही है ताकि समाज में हर जाति को समानुपातिक भागीदारी तय हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा को संविधान पर भरोसा नहीं है। वह संविधान को नहीं मानती है। वह इसे बदलना चाहती है। इसीलिए भाजपा बाबा साहब द्वारा संविधान में दी गई आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने पर तुली हुई है। सरकारी संस्थानों का निजीकरण किया जा रहा है। आउटसोर्सिंग के द्वारा सार्वजनिक संस्थानों में भर्ती की जा रही है। इससे पिछड़ों, दलितों को आरक्षण से वंचित किया जा रहा है। भाजपा सरकारी सम्पŸिायों को निजी हांथों में बेच रही है। डॉ0 भीमराव अंबेडकर ने सामाजिक रूप से उपेक्षित वर्ग के हितों को संरक्षित रखने परे विशेष बल दिया था। नागरिकों के अधिकार और उनके सम्मान की रक्षा समाज में फैली नफरत और भेदभाव को मिटाकर ही हो सकती है।
यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में कानून व्यवस्था के हालात चिंताजनक है। एनसीआरबी के आधे-अधूरे आंकड़े है जबकि प्रदेश में महिला अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। भाजपा सरकार में अपराधी बेलगाम है और सरकारी संरक्षण में निर्दोष नागरिकों को पुलिस अपने जुल्मों का शिकार बना रही है। पुलिस हिरासत में लोगों की जाने जा रही हैं। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, मिठाई लाल भारती, नरेन्द्र वर्मा, आरके चौधरी, अरविन्द कुमार सिंह, उदयवीर सिंह ने डा. अम्बेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *