Dainik Athah

विकसित भारत एम्बेसडर से जोड़ा जायेगा प्रत्येक कार्यकर्ता को: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 को लांच करेंगे विकसित भारत मॉड्यूल
  • जिलाध्यक्षों से लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री तक रहे वर्चुअल बैठक में उपस्थित

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में दो करोड़ से अधिक लोगों को नमो एप से जोड़कर विकसित भारत एम्बेसडर बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा सात दिसम्बर को नमो एप पर ‘विकसित भारत एम्बेसडर’ नामक मॉड्यूल लांच करने के साथ ही अभियान प्रारम्भ होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह तथा मोदी एप के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप सिंह चहल ने वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष तथा जिला प्रभारियों तथा सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, ब्लाक प्रमुखों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता को नमो एप से जोड़ना है। इसके साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता द्वारा अधिक से अधिक लोगो को विकसित भारत एम्बेसडर बनाना है। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय राय ने किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि नमो एप हमारी संगठनात्मक क्रियाशीलता के प्रदर्शन का सशक्त प्लेटफार्म है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा सात दिसम्बर से लांच होने वाले ‘विकसित भारत एम्बेसडर’ मॉड्यूल के माध्यम से एक-एक कार्यकर्ता तथा नागरिकों के द्वारा किए जाने वाले संगठनात्मक कार्यों तथा रचनात्मक कार्यों को बड़ा कैनवास मिलेगा। जो स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता के मल्टीमीडिया मोबाइल में नमो एप डाउनलोड कराना है। इसके साथ ही 07 दिसम्बर से ही अभियान चलाकर विकसित भारत एम्बेसडर मॉड्यूल से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल से लेकर बूथ तक के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा सांसद विधायक से लेकर सभी जनप्रतिनिधि प्रदेश द्वारा लिए गए दो करोड़ लोगों को अभियान से जोड़ने के लक्ष्य से अधिक परिणाम देने में सहभागी बनेंगे।
मोदी एप के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकतार्ओं को विकसित भारत एम्बेसडर से लोगों को जोड़ने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे प्रशिक्षित कार्यकर्ता लोगों को जोड़ने में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
वर्चुअल बैठक में प्रमुख रूप से केन्द्र सरकार के मंत्री डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, जनरल वीके सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, कौशल किशोर, अजय मिश्रा टेनी, भानु प्रताप वर्मा, पंकज चौधरी, एसपी सिंह बघेल, बीएल वर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबी रानी मौर्य, जयवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, अनिल राजभर, जितिन प्रसाद, राकेश सचान सहित बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सम्मिलित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *