Dainik Athah

पीडीए ही लोकसभा चुनाव में एनडीए को हरायेगा: अखिलेश यादव

  • समाजवादी पीडीए साइकिल यात्रा का सैफई में समापन
  • नौजवानों के अंगड़ाई लेने से परिवर्तन आयेगा: शिवपाल यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सैफई इटावा में ‘समाजवादी पीडीए साइकिल यात्रा’ का समापन किया। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में साइकिल वालों की जीत होगी। पीडीए ही लोकसभा चुनाव में एनडीए को हराएगा। उन्होंने साइकिल यात्रा करके आये नौजवानों को बधाई देते हुए कहा कि नौजवान आगे के संघर्ष के लिए तैयार रहें। देश की राजनीति जिस दिशा में जा रही है, उसमें आने वाले समय में समाजवादियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, मैनपुरी से लोकसभा सदस्य डिम्पल यादव, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव समेत पार्टी के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और हजारों साइकिल यात्री मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 के बाद देश में अलग तरह का और बड़ा परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पीडीए यात्रा ने बड़ा संदेश देने का काम किया। यही पीडीए भाजपा और एनडीए का मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा कि पीडीए की ताकत देखकर अब कई दल जातीय जनगणना का समर्थन कर रहे हैं। जिन दलों ने पहले जातीय जनगणना रोकी थी। जिन्होंने जातीय जनगणना नहीं होने दिया। वे भी जातीय जनगणना के पक्ष में आ गए हैं।
यादव ने कहा कि समाजवादी लोग लम्बे समय से जातीय जनगणना की मांग कर रहे है। सामाजिक न्याय के लिए जातीय जनगणना जरूरी है। जातीय जनगणना होगी तभी सभी जातीयों को उनकी आबादी के अनुपात में हक और सम्मान मिलेगा। समाजवादी पार्टी जब सत्ता में आयेगी तो सबसे पहले जातीय जनगणना कराएगी। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। आज भी समाजवादियों के ही काम दिखाई दे रहे हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, डायल 100 बड़े-बड़े अस्पताल, 1090वूमेन पावर डायल सेवा, इकॉना क्रिकेट स्टेडियम, मेट्रो रेल समेत तमाम बड़े-बड़े काम समाजवादी सरकार में हुए। प्रदेश की जनता को आज जो बिजली मिल रही है वह समाजवादी सरकार में बने पावर प्लांटो से मिल रही है। भाजपा सरकार ने पूरे कार्यकाल में एक भी यूनिट बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि 22 नवम्बर को नेताजी की जयंती है। हम सभी लोग नेता जी की जयंती मनाएंगे। आज साइकिल यात्रा यहां पहुंची है। यह बहुत अच्छी बात है कि जहां से हमें साइकिल मिली, जहां से नेताजी ने समाजवादियों को जगाया। सैफई से लेकर पूरे देश को जगाने का काम किया। सैफई के जरिए देश में उदाहरण दिया कि गांव आर्थिक और सामाजिक रूप से सम्पन्न होगा तो खुशहाली आएगी। नेताजी ने जीवन भर संघर्ष करके समाजवादियों को नई पहचान दी।
इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बेईमान है। यह सरकार न कानून मानती है न संविधान मानती है। इसे हटाना है। नौजवानों के अंगड़ाई लेने से परिवर्तन आयेगा। इस समय समाजवादियों का मुकाबला झूठे, बेईमान और भ्रष्टाचारियों से है। इस सरकार में जनप्रतिनिधियों का कोई सम्मान नहीं है। पूरी सरकार अधिकारियों के भरोसे चल रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए साइकिल यात्रा का आज समापन जरूर हो रहा है, लेकिन अब और मेहनत करनी है।
समाजवादी पीडीए साइकिल यात्रा में पार्टी के जुझारू नौजवानों और पार्टी के कार्यकतार्ओं ने 40 जिलों के 202 विधानसभाओं में होते हुए 42 लोकसभा क्षेत्रों में 208 दिनों में 8500 किलोमीटर की दूरी तय की है। नौजवानों ने प्रदेश की जनता के बीच समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को रखा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *