Dainik Athah

लोकसभा चुनावों के मद्देनजर जिलों में नये प्रभारी नियुक्त

  • भाजपा में देर से ही सही शुरू हुई बदलाव की प्रक्रिया
  • एमएलसी मानवेंद्र सिंह गाजियाबाद जिला व महानगर के प्रभारी बनें
  • कांता कर्दम को नोएडा महानगर, प्रमोद गुप्ता को नोएडा जिला का प्रभारी बनाया
  • प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह कानपुर उत्तर व दक्षिण के प्रभारी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियां जिलों के नये प्रभारी नियुक्त कर शुरू कर दी है। देर से ही सही लेकिन जिलों के प्रभारी नियुक्त कर दिये गये। इसके साथ ही प्रदेश में पश्चिम को छोड़कर अन्य क्षेत्रों के प्रभारी भी बदल दिये गये। उम्मीद है कि अब जल्द ही मंडल, क्षेत्र एवं जिला कमेटियां भी घोषित कर दी जायेगी।
भाजपा ने पहले क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त करने में देरी की। इसके बाद जिला व महानगर अध्यक्ष नियुक्त करने में उम्मीद से ज्यादा देरी की। अब जिला व क्षेत्र प्रभारी नियुक्त करने में भी देरी की गई है। जिस प्रकार जिला प्रभारी नियुक्त किये गये हैं उसे देखकर लगता है कि अब बदलाव की अन्य प्रक्रिया जिसमें मंडल, क्षेत्र एवं जिला टीम की घोषणा भी जल्द कर दी जायेगी। हालांकि मोर्चों के प्रदेश प्रभारियों में कुछ खास बदलाव नहीं किया गया। क्षेत्रीय प्रभारियों की बात करें तो निकाय चुनाव के दौरान अस्थाई रूप से पश्चिम के प्रभारी बनाये गये सुभाष यदुवंश को अब यहीं पर स्थाई कर दिया गया है। अवध क्षेत्र में संजय राय, ब्रज क्षेत्र का प्रभारी संतोष सिंह को, काशी क्षेत्र का प्रभारी अमरपाल मौर्य को नियुक्त किया गया है।

जिला प्रभारियों की बात करें तो एमएलसी मानवेंद्र सिंह को गाजियाबाद जिला एवं महानगर, राजा वर्मा को रामपुर, मुरादाबाद जिला व महानगर में राजेश यादव, शामली विकास अग्रवाल, अमरोहा में सत्यपाल पाल, बिजनौर में हरिओम शर्मा, सहारनपुर महानगर वाईपी सिंह, सहारनपुर जिला डीके शर्मा, मुजफ्फरनगर सूर्य प्रकाश पाल, मेरठ महानगर विजय शिवहरे, मेरठ जिला मयंक गोयल, हापुड़ सत्यपाल सैनी, नोएडा महानगर कांता कर्दम, गौतमबुद्धनगर प्रमोद गुप्ता, बागपत चंद्र मोहन, संभल हेमंत राजपूत को जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी के प्रभार में बदलाव नहीं हुआ है। उनके पास बुलंदशहर जिला यथावत रखा गया है।

प्रदेश के बड़े नेताओं को देखें तो नोएडा विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह को कानपुर उत्तर व दक्षिण, ब्रज बहादुर पाठक को फिरोजाबाद महानगर व जिला, अमित वाल्मीकि को आगरा जिला, अशोक कटारिया को मथुरा महानगर, मोहित बेनीवाल को बरेली महानगर, पूर्व मंत्री सुरेश राणा को शाहजहांपुर जिला व महानगर, लखनऊ महानगर व जिला में त्रयंबक त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *