Dainik Athah

किसी भी चुनौति को स्वीकार कर परिणाम देने में सक्षम: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा
  • अभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का कार्य करें: धर्मपाल सिंह
  • भाजपा प्रदेश में चलायेगी वोटर चेतना महाभियान

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में वोटर चेतना महाभियान चलाएगी। शुक्रवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने वोटर चेतना अभियान के माध्यम से घर-घर सम्पर्क करके मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में जुटने के लिए माइक्रोप्लानिंग साझा की। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा जिला मतदाता प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक का संचालन करते हुए प्रदेश महामंत्री तथा अभियान प्रभारी अनूप गुप्ता ने अभियान की योजना रचना प्रस्तुत की। बैठक में वोटर चेतना महाभियान की प्रदेश टोली के सदस्य प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह तथा सांसद सुब्रत पाठक व पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरूषोत्तम खण्डेलवाल उपस्थित रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 80 प्रतिशत से अधिक विधानसभा सीटें जीत चुकी है। पिछले लोकसभा चुनाव में तमाम दलों के एक साथ गठबंधन के बावजूद भाजपा को 50 फीसदी से ज्यादा वोट मिला था। नगरीय निकाय, पंचायत तथा सहकारिता के चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है। ऐसे में भाजपा का मजबूत संगठनात्मक ढांचा किसी भी चुनौति को स्वीकार करके परिणाम देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि वोटर चेतना महाभियान प्रत्येक दहलीज के साथ प्रत्येक कैम्पस तथा प्रत्येक चौपाल पर पहुंचने का अभियान है। उन्होेंने कहा कि प्रत्येक 18 वर्ष की आयु को पूर्ण कर चुके युवाओं, विवाह होने के बाद परिवर्तित निवास स्थान, बूथ से अन्यत्र निवास करने वाले तथा बूथ पर नए आये मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने या नाम कटने का कार्य तथा दिवंगत मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटवाने का कार्य वोटर चेतना महाभियान के माध्यम से करना है।
चौधरी ने कहा कि आगामी दिनों में होनी वाली जिला तथा मंडल कार्यशालाओं में पूर्ण जानकारी पार्टी के पदाधिकारियों तथा कार्यकतार्ओं तक पहुंचाने का काम करें। जिससे मतदाता पुनरीक्षण का कार्य सफल हो और प्रत्येक पात्र व्यक्ति मतदाता बन सके। उन्होंने कहा कि अभियान में पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा प्रत्येक जनप्रतिनिधि की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने आगामी 16 व 17 अक्टूबर को वोटर चेतना महाभियान के तहत जिला स्तर पर आयोजित होने वाली कार्यशालाओं तथा अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 18 व 19 अक्टूबर को मंडल कार्यशालाओं के माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। 27 अक्टूबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित किया जाएगा। 29 अक्टूबर को मन की बात कार्यक्रम सुनने के पश्चात पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सांसद, विधायक से लेकर सभी जनप्रतिनिधि घर-घर सम्पर्क कर मतदाता पुनरीक्षण के कार्य में जुटेगें। अभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का कार्य करना है। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक तथा 25 नवम्बर से 03 दिसम्बर तक घर-घर सम्पर्क का विशेष अभियान चलाकर पार्टी एक-एक मतदाता से सम्पर्क करेगी। उन्होने कहा कि नव मतदाताओं से सम्पर्क करके उन्हें पार्टी से जोड़कर 2024 लोकसभा चुनाव की विजय आसान होगी और भाजपा प्रदेश में 80 सीटों पर विजय के लक्ष्य को प्राप्त करेगी। श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी के अनुशासित व समर्पित कार्यकतार्ओं को सतत सम्पर्क व सतत संवाद की भाजपा परम्परा के साथ फिर एक बार घर-घर दस्तक देना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *