Dainik Athah

2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए भाजपा के एनडीए को हरायेगा: अखिलेश यादव

सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का सम्मेलन आयोजित

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उप्र द्वारा आयोजित कश्यप, निषाद, बिन्द धीमर, मल्लाह, कहार, केवट, गोडिया, रैबार, तुरैहा, मांझी, मझवार, गोंड और मछुआ समाज की बैठक को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा इन्हें धोखा देती आ रही है। देश भर में जातीय जनगणना की मांग होने लगी है। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए भाजपा के एनडीए को हरायेगा।
बैठक में अखिलेश यादव का अभिनंदन कर प्रतीक चिह्न भेंट किये। यादव ने कहा कि जातीय जनगणना की मांग नई नहीं है। सभी इसके पक्ष में है। जो विरोध कर रहे थे वे भी अब जातीय जनगणना की मांग करने लगे है। हो सकता है कि चुनाव आते-आते भाजपा भी जातीय जनगणना की बात करने लगे। सामाजिक न्याय और समानता तभी आएगी जब जातीय जनगणना होगी। इस जातीय जनगणना से सभी पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को अधिकार के साथ सम्मान भी मिलेगा। जातीय जनगणना से सभी को समानुपातिक भागीदारी मिल सकेगी। कहा कि हम आज पिछड़े, दलित समाज को अपना हक और सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हम सब एक है। समाज में विसंगति और असमानता को दूर करने के लिए नेताजी ने फूलन देवी को संसद पहुंचाया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से सावधान रहना है। भाजपा के षडयंत्र से बचना है। लोगों के पुश्तैनी काम छिन रहे हैं। हमारी लड़ाई लम्बी है। अब बूथ पर लड़ाई है। 2024 के लोकसभा चुनाव में हम सभी मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने चौधरी लोटन राम निषाद द्वारा लिखित निषाद समाज का बृहत इतिहास पुस्तक का विमोचन किया। बैठक का संचालन डा. राजपाल कश्यप पूर्व एमएलसी एवं प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ और अध्यक्षता पूर्व विधायक लालता प्रसाद निषाद ने की। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल प्रमुख रूप से शामिल रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *