Dainik Athah

2024 के मद्देनजर आगामी कार्यक्रमों में जुटे कार्यकर्ता: धर्मपाल सिंह

  • भाजपा पश्चिम क्षेत्र बैठक के साथ ही महिला मोर्चा- अनुसूचित मोर्चा की बैठक आयोजित
  • आने वाले दिनों में महिला मोर्चा की पद यात्राओं के साथ ही विधानसभा सम्मेलन होंगे

अथाह संवाददाता
हापुड़।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ता अभी से जुट जायें। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में होने वाले कार्यक्रमों को सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर सफल बनायें।
धर्मपाल सिंह बुधवार को हापुड़ में आयोजित भाजपा की क्षेत्रीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया एवं संचालन क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, डा. विकास अग्रवाल एवं हरीश ठाकुर ने किया। प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने महिला मोर्चा की बैठ को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को लोकसभा व विधान सभा में आरक्षण देकर महिलाओं का मान सम्मान बढ़ाया है, अब महिलाएं देश और प्रदेश के सबसे बड़ी पंचायत में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल बहुत लंबे समय से सदन में लंबित था परंतु भारतीय जनता पार्टी की नरेंद्र मोदी सरकार ने निश्चय किया था कि यह बिल अवश्य पारित करवाना है और यह बिल दोनों सदनों में पारित होकर इतिहास के सुनहरे पन्नो में दर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव महिलाओं को आगे रहकर सम्मान दिया है विरोधी पार्टियों कभी नहीं चाहती थी कि महिलाओं को विधानसभा और संसद में आरक्षण मिले, परंतु मोदी सरकार की नीतियों के आगे उनकी एक न चली और यह बिल पास ना करना चाहते हुए भी उन्हें करना पड़ा, क्योंकि वे जानते थे कि यदि इस बिल का विरोध किया तो पूरे भारत में उन पर जनता संदेह करेगी इसलिए उन्हें बिल के पक्ष में वोट करना पड़ा अन्यथा अगर इतनी ही महिलाओं की चिंता होती तो कितनी ही बार कांग्रेस की और अन्य दलों की सरकार केंद्र में रही है परंतु किसी ने भी इस विषय में नहीं सोचा।


राज्य सरकार में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि भाजपा की सरकार जिन भी प्रदेशों में होती है वहां पर महिलाओं को अपने आप में ही सुरक्षा की भावना महसूस होती है आप सबने यह देखा होगा कि उत्तर प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार आई है तभी से महिलाओं के प्रति अपराध के ग्राफ में कमी आई है और धीरे-धीरे जीरो टॉलरेंस नीति पर भाजपा सरकार कार्य कर रही है चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो चाहे या नौकरी का क्षेत्र हो उत्तर प्रदेश में सभी क्षेत्रों में महिलाओं को बढ़ावा मिल रहा है’ प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि नारी को एक शक्ति के रूप में भारत में पूजा जाता है और यह नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करके सरकार ने महिलाओं का संपूर्ण भारत के सर्व समाज में उनका मान सम्मान बढ़ाने का काम किया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर ने कहा कि नारी सम्मान के साथ-साथ अनुसूचित वर्ग का भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार के अलावा कोई भी ध्यान नहीं रखता। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था उनके लिए छात्र और छात्रावासों की व्यवस्था में जितने भी योजनाएं चल रही हैं उनमें यह निश्चित करना कि अनुसूचित वर्ग और पिछड़े वर्ग के अंतिम व्यक्ति तक वह योजनाएं पहुंचे, इसी दिशा में सतत प्रयास सरकार कर रही है। उन्होंने कहा अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकतार्ओं का यह दायित्व है कि वे घर-घर, मोहल्ला- मोहल्ला जाकर बस्तियों में घूम और सरकार की योजनाओं को जनता के बीच में रखें और उन्हें बताएं कि किस प्रकार सरकार उनकी सहायता कर रही है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। भारतीय जनता पार्टी संकल्प से सिद्धि को प्राप्त करती है, सबका साथ, सबका विकास और सब का विश्वास इसी बात को अपने ध्यान में रखते हुए भाजपा का कार्यकर्ता कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, गाजियाबाद मेयर एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल, एमएलसी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ चंद्र मोहन, बसंत त्यागी, अमित वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, जिला प्रभारी मयंक गोयल, पश्चिम के मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, मेरठ महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, हापुड़ विधायक विजयपाल आढती, गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया, ब्लॉक प्रमुख निशांत सिसोदिया, पूर्व चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *