Dainik Athah

भाजपा सरकार में महंगाई की मार से आम जनता त्रस्त: अखिलेश यादव


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों से महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। महंगाई की मार से आम जनता त्रस्त है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से विफल है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाने पीने की चीजों की कीमतें पहले से ही बढ़ी हुई है। तेल, दाल और सब्जियों की कीमते आसमान छू रही है। लोगों को जीवन निर्वाह मुश्किल हो रहा है। दवाओं की महंगाई और महंगे इलाज ने लाखों परिवारों की कमरतोड़ रखी है। अब सरकार भवन निर्माण समाग्री पर नए सिरे से जीएसटी थोपकर घर बनाना भी महंगा करने की तैयारी में है। भाजपा सरकार की दोषपूर्ण जीएसटी जनता पर भारी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ईंट, मौरंग, बालू ओर गिट्टी पर 18 फीसदी जीएसटी लगाने से गरीबों और मध्यम वर्ग पर बड़ा बोझ पड़ेगा। भाजपा सरकार लोगों का अपना घर और छत बनाने का सपना तोड़ रही है। यह सरकार जनता की जेब काट कर बड़े उद्योगपतियों का खजाना भर रही है। आम जनता को बेबस और लाचार बना दिया है। आसमान छूती महंगाई से गरीबी बढ़ रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का रवैया पूरी तरह से तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी है। महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने पर लोगों के साथ बर्बरता पूर्ण अमानवीय व्यवहार हो रहा है। भाजपा की नीतियों से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। जनता भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहती है। भाजपा सरकार के सत्ता से हटने से ही महंगाई और बेरोजगारी से निजात मिलेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को उसके झूठे वादों की सजा देगी। उन्होंने कहा कि घोसी के उपचुनाव परिणाम के जरिए जनता ने साफ संदेश दे दिया है। अब वह भाजपा की संवेदनहीन, लोकतंत्र और संविधान विरोधी सरकार को और बर्दाश्त नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *