Dainik Athah

इसरो की टीम में गाजियाबाद की तनिशा भी रही शामिल, डीएम ने दी बधाई

  • चंद्रयान अभियान की टीम में शामिल तनिशा- शुभजीत ने किया गाजियाबाद का नाम रोशन
  • रिटायर्ड शिक्षक राजेश भाटिया की पुत्री तनिशा और दामाद शुभजीत रहे चंद्रयान 3 की लैंडिंग में शामिल

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग जिसने विश्व में भारत का सिर ऊंचा किया है उस अभियान में इसरो की टीम में गाजियाबाद के युवा वैज्ञानिकों के शामिल होने से गाजियाबाद का मान भी बढ़ा है। गाजियाबाद की तनिशा भाटिया और शुभजीत को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने भी बधाई दी है।

इसरो की टीम में राजनगर निवासी दिल्ली के रिटायर्ड शिक्षक राजेश भाटिया की पुत्री तनिशा भाटिया एवं दामाद शुभजीत भी शामिल है। राजेश भाटिया ने दैनिक अथाह से बात करते हुए कहा कि उनकी बेटी तनिशा ने प्रारंभिक शिक्षा सैंट पॉल एवं डीपीएसजी से की है। उन्होंने बताया कि बेटी और दामाद चंद्रयान 2 के साथ ही चंद्रयान 3 की टीम में शामिल रहे। बेटी तनिशा सैंसर और कैमरों पर काम कर रही थी। जिसका पूरे अभियान में विशेष काम था। दोनों बच्चों के शामिल होने पर उत्तर प्रदेश परिवहन कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष जयदीप चौधरी ने भी दोनों को बधाई दी है। जयदीप चौधरी और राजेश भाटिया दोनों दोस्त है।

यह जानकर खुशी हुई कि विश्व में देश का नाम ऊंचा करने वाले चंद्रयान 3 की इसरो की टीम में गाजियाबाद की तनिशा भाटिया और शुभजीत शामिल थे। दोनों ने गाजियाबाद का नाम भी रोशन किया है। इसके लिए तनिशा और शुभजीत के साथ ही उनके पिता राजेश भाटिया को भी बधाई देता हूं।
राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गाजियाबाद


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *