Dainik Athah

भाजपा और उसके मातृ संगठन ने भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था

सपा प्रशिक्षण शिविर में अखिलेश यादव ने बोला भाजपा पर हमला

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की विचारधारा के लोगों और उनके मातृ संगठन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था। उसी को छिपाने के लिए अब घर-घर झंडा लगाने का काम करते हैं। भाजपा के लोगों ने अंग्रेजो के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, क्रांतिकारियों और समाजवादियों का साथ नहीं दिया था।
लोक जागरण अभियान के तहत शुक्रवार को फतेहपुर में समाजवादी पार्टी के प्रशिक्षण शिविर को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र की सरकार में आने के बाद भाजपा नए तरीके का भारत छोड़ो आंदोलन चला रही है। भाजपा के तमाम करीबी उद्योगपति बैंकों से पैसा लेकर भारत छोड़ गए। बंगलूर के उद्योगपति से लेकर गुजरात के कारोबारियों तक की लंबी सूची है। जनता यह सब जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल, पेट्रोल, रसोईगैस के दाम बहुत बढ़ा दिए हैं। महंगाई आसमान पर है। भाजपा गरीबों की जेब काट कर अमीरों की जेब भर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के विकासकार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। सड़कों में गड्ढे भरे पड़े है। केवल 100 रू0 का राशन देकर गरीबों को धोखा दे रही। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। खेती का लागत मूल्य दुगना हो गया।

अखिलेश यादव ने कहा कि बुल्डोजर वाली भाजपा सरकार सबसे बड़ी भूमाफिया भाजपा सरकार है। अयोध्या में भाजपा नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीन पर कब्जा किया है। पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों पर अन्याय, अत्याचार कर रही है। लेकिन याद रखें बुलडोजर के दिमाग नहीं होता है। सरकार बदलेगी तो बुलडोजर की दिशा बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। बिजली, स्वास्थ्य, पुलिस सब में भारी भ्रष्टाचार है। बिजली नहीं आती है लेकिन सरकार भारी भरकम बिजली का बिल भेज देती है। बड़े पैमाने पर लूट और भ्रष्टाचार है। स्वास्थ्य सेवायें खराब हो चुकी है। गरीबों को दवा इलाज नहीं मिल रहा है।

यादव ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा सरकार कोर्ट को भी प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। भाजपा अपने लोगों को बचाती है और विपक्ष के नेताओं पर झूठे मुकदमें लगाकर सजा दिलवाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी एकता और समाजवादी पार्टी की ताकत से डरी हुई है। इसीलिए विपक्षी पार्टियों और हमारे नेताओं को लेकर झूठी अफवाहें उड़ाते रहते हैं। उन्होंने भारी बारिश के बावजूद प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में आए कार्यकतार्ओं को बधाई दी। उन्होंने फतेहपुर में समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकतार्ओं, नेताओं के आवास पर जाकर भेंट की।
समाजवादी प्रशिक्षण शिविर के दो दिवसीय सत्र में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने भी सम्बोधित किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *