Dainik Athah

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा नौ वर्ष में करवाये गये विकास कार्यों की सीडी का विमोचन

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने किया सीडी का विमोचन

    अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा प्रदेश की राजधानी लखनऊ में करवाये गये विकास कार्यों की सीडी का शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने विमोचन किया।
    लखनऊ में आयोजित हजारों लोगों के बीच सीडी का विमोचन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में लखनऊ के साथ ही पूरे प्रदेश एवं देश में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि मोदी- योगी सरकार में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निर्वाचन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजनाथ सिंह के लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने के कारण प्रदेश की राजधानी के विकास की गूंज पूरे देश में हुई है।
    कार्यक्रम के आयोजक एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह ने अतिथियों का स्वागत करने के साथ ही कहा कि जिन क्षेत्रों में कुछ कमी रह गई है, वहां पर आने वाले समय में विकास योजनाएं रफ्तार पकड़ेगी। उन्होंने लखनऊ के चौतरफा विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
    इस मौके पर मुख्य रूप से लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सांसद एवं पूर्व मंत्री रमापति राम त्रिपाठी, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद अशोक वाजपेयी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा समेत हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे। नीरज सिंंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *