Dainik Athah

जिला-महानगर अध्यक्ष पदों पर दावा ठोंकने वालों की होड़: पर्यवेक्षक डा. रमापति राम त्रिपाठी ने जाने अध्यक्ष पदों को लेकर विचार

महानगर अध्यक्ष पद को लेकर सबसे अधिक दावेदार

जिलाध्यक्ष पद के लिए भी एक दर्जन से ज्यादा दावेदार

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश में जिला व महानगर अध्यक्ष बदलने की कवायद के बीच गाजियाबाद जिला व महानगर के पर्यवेक्षक डा. रमापति राम त्रिपाठी ने पार्टी के लोगों के विचार जानें। इस दौरान सबसे अधिक दावेदार महानगर अध्यक्ष पद के लिए सामने आये, जबकि जिलाध्यक्ष पद के लिए करीब एक दर्जन दावेदार सामने आये।
बता दें कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नीचे तक के संगठन में बदलाव की तैयारी की है। इसके लिए प्रदेश के हर जिले में पर्यवेक्षक नियुक्त कर भेजे गये हैं। गाजियाबाद जिला व महानगर के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं देवरिया से सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। त्रिपाठी शुक्रवार को दोपहर गाजियाबाद के नेहरूनगर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले गाजियाबाद जिले के जन प्रतिनिधियों के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों से बात की। विधायक डा. मंजू शिवाच, नंद किशोर गुर्जर ने डा. रमापति राम त्रिपाठी से मुलाकात कर अपनी बात की। बागपत सांसद के बाहर होने के कारण उन्होंने फोन पर बात की। हालांकि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी एवं प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी ने पर्यवेक्षक से मिलकर बात की और अपनी राय दी। गाजियाबाद जिले में जहां कुछ लोग वर्तमान जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल के नाम पर सहमत नजर आये, वहीं दावेदारों में जितेंद्र चितौड़ा, डीडी यादव, अनूप बैंसला, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, नवेंद्र गौड़, अमित चौधरी, संजीव शर्मा (राम भूल), सुदेश भारद्वाज समेत करीब एक दर्जन दावेदार सामने आये हैं।

महानगर अध्यक्ष पद के लिए सूत्र बताते हैं कि सबसे अधिक लोग वर्तमान अध्यक्ष संजीव शर्मा के पक्ष में दिखे। हालांकि इसके बाद केके शुक्ला, अश्वनी शर्मा, राजेश त्यागी, मयंक गोयल, संजीव झा, राजीव अग्रवाल, अजय शर्मा, मानसिंह गोस्वामी, गुंजन शर्मा, गौरव चौपड़ा समेत बड़ी संख्या में दावेदार नजर आये। यहां पर विधायक अतुल गर्ग, सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, महापौर सुनीता दयाल, पूर्व महापौर आशा शर्मा, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, पूर्व महानगर अध्यक्ष अशोक मोंगा, अजय शर्मा, विजय मोहन, सरदार एसपी सिंह के साथ ही अनेक लोगों ने अपने विचार पर्यवेक्षक संग साझा किये। सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने फोन पर ही जिला व महानगर अध्यक्षों के संबंध में अपने विचार पर्यवेक्षक से साझा किये। पर्यवेक्षक ने जनप्रतिनिधियों के साथ ही पूर्व अध्यक्षों, पूर्व जन प्रतिनिधियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों के विचार भी जानें।

पूरे दिन भाजपा कार्यालय पर लगा रहा नेताओं- कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
पर्यवेक्ष के रूप में आये डा. रमापति राम त्रिपाठी के आगमन की सूचना केवल जनप्रतिनिधियों के साथ ही पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों को दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद दावेदारों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा भी लगा रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *