Dainik Athah

मोदी व योगी सरकार की उपलब्धियां विपक्षी दलों के षड़यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब भी देंगी :भूपेन्द्र सिंह चौधरी

प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर जीत का संकल्प कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पूर्ण होगा :धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय में महा-जनसम्पर्क अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों को लेकर आयोजित बैठक में चर्चा की। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा जिलों के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है। ऐसे में सपा, बसपा, कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों ने झूठ, फरेब, भ्रम सहित विभिन्न षड़यंत्रों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। ऐसे में हमारी संगठनात्मक मजबूती तथा जनता से सम्पर्क व संवाद की सतत प्रक्रिया के साथ मोदी सरकार व योगी सरकार की उपलब्धियां विपक्षी दलों के षड़यंत्रों का मुंहतोड़ जवाब भी देंगी और भाजपा की बडी जीत का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने कहा कि महा-जनसम्पर्क अभियान प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों तथा दृढ़ इच्छा शक्ति के राजनैतिक निर्णयों के साथ प्रत्येक घर तक घर-घर सम्पर्क अभियान से दस्तक तथा विशिष्ठ जनों से सम्पर्क का कार्य करना है। श्री चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा तय कार्यक्रमों तथा अभियानों के साथ संगठनात्मक कार्यों को मूर्त रूप देने का कार्य भी शीघ्र पूर्ण करना है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि महा-जनसम्पर्क अभियान के तहत 15 जुलाई तक घर-घर सम्पर्क एवं सम्पर्क से समर्थन अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव का वातावरण तैयार हो रहा है और इसके साथ ही हम सभी की जिम्मेदारी भी बढ़ रही है। संगठन की मजबूत संरचना, संगठनात्मक कार्यों में सभी का समायोजन तथा सभी के साथ समन्वय से सफलता सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर जीत का संकल्प कार्यकर्ताओं के परिश्रम से पूर्ण होगा। प्रत्येक कार्यक्रम व अभियान की सफलता सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी आप सभी के ऊपर है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रशिक्षण के द्वारा संगठन की विचारधारा से परिपूर्ण, अनुशासित, निष्ठावान, समर्पित तथा सेवाभावी कार्यकर्ताओं के निर्माण की सतत प्रक्रिया है। महा-जनसम्पर्क अभियान के पश्चात आगामी दिनों में प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *