Dainik Athah

भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर योग दुनिया को बहुमूल्य उपहार: भूपेंद्र सिंह

  • भाजपा ने शक्ति केंद्रों पर पूरे प्रदेश में आयोजित किया योग दिवस
  • योग जीवन का वह दर्शन है जो मनुष्य को आत्मा से जोड़ता है: धर्मपाल सिंह

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में सभी शक्ति केन्द्रों पर योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी मुरादाबाद तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह राजधानी लखनऊ में योग दिवस के कार्यक्रम सम्मिलित हुए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को शक्ति केन्द्रों पर मनाते हुए पार्टी ने योग करके सर्वे सन्तु निरामया का विश्व को संदेश दिया। पार्टी के पदाधिकारी तथा कार्यकतार्ओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर योग किया। इसके साथ ही पार्टी के सांसद, विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री, आयोग निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, नगरीय निकायों के अध्यक्ष व सदस्य तथा त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों ने तन और मन को निरोगी रखने वाले योग को करते हुए विश्व मंगल की कामना की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कम्पनी बाग, मुरादाबाद में योग दिवस कार्यक्रम में कहा कि भारतीय संस्कृति की ऐतिहासिक धरोहर योग पूरे दुनिया को दिया गया एक बहुमूल्य उपहार है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने अथक प्रयासों से पूरे विश्व में पहुंचाने का अद्वितीय एवं अकल्पनीय कार्य किया है। आज योग पूरे विश्व की जीवनशैली बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व योग कर रहा है। भारतीय परम्परा, संस्कृति एवं ज्ञान को विश्व स्वीकार भी कर रहा है और अंगीकार भी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति, संस्कार, ज्ञान की विश्व स्वीकार्यता तथा पुनर्प्रतिष्ठा का युग प्रारम्भ हुआ है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी के राज्य मुख्यालय पर योग दिवस कार्यक्रम में कहा कि भारत ने सदियों से योग को विज्ञान और जीवनशैली के रूप में अपनाया है। हमारे ऋषि-मुनियों ने वैदिक काल से ही योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाया। योग जीवन का वह दर्शन है जो मनुष्य को आत्मा से जोड़ता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि योग विश्व को भारत का वह वरदान है जो ना सिर्फ शरीर व मन को स्वस्थ करता है बल्कि सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण भी करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पुरातन भारतीय ज्ञान के आलोक से विश्व आलोकित भी हो रहा है तथा लाभान्वित भी हो रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *