Dainik Athah

सड़को पर भरा पानी, नाव का लिया सहारा

बरसात से चारों ओर हुआ जलभराव, जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त

अथाह संवाददाता
लोनी।
क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई मूसलाधार बरसात से क्षेत्र के मुख्य मार्गो और कॉलोनियों में हुए जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सब स्टेशन, पुलिस चौकियों और घरों में पानी भरने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। क्षेत्र में हुए जलभराव और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोग ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर नौका चलाकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति रोष प्रकट किया। वहीं सुबह से ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोग परेशान हुए। अधिकारी जगह-जगह पंप सेट लगाकर जल निकासी करा रहे हैं।

सुबह छह बजे शुरू हुई मूसलाधार बरसात से शहर के मुख्य मार्ग दिल्ली सहारनपुर मार्ग, लोनी तिराहा, लोनी गाजियाबाद मार्ग, रामेश्वर पार्क, डीएलएफ, एसएलएफ आदि कॉलोनियों में जलभराव होने से लोग को परेशानी हुई। घरों में पानी भरने से लोग को परेशान रहे। क्षेत्र स्थित अंडरपास में हुए जलभराव से राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दिल्ली सहारनपुर मार्ग स्थित शिव विहार मेट्रो स्टेशन के सामने पार्किग में पानी भर जाने से वाहन डूब गए। उपजिलाधिकारी खालिद अंजुम ने बताया कि इंद्रापुरी और कस्बा पुलिस चौकी, विद्युत सब स्टेशन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पंप सेट लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। साथ ही मुख्य रास्ते और कॉलोनियों से जलनिकासी के लिए नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

सरकारी संस्थानों में भरा पानी: बरसात से शहर के सरकारी संस्थानों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, रूप नगर प्रथम, द्वितीय और नाईपुरा सब स्टेशन और बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी पुलिस चौकी और कोतवाली क्षेत्र की कस्ब चौकी में पानी भर गया। चौकी में पानी भरने से पुलिसकर्मियों के आवश्यक कागजात, और कपड़े भीग गए।

बिजली आपूर्ति रही बाधित: नाईपुरा, रूप नगर प्रथम और द्वितीय में पानी भरने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र की न्यू विकास नगर, आदेश नगर, प्रशांत विहार, सरस्वती विहार, प्रेम नगर, अशोक विहार, इंद्रा मार्किट, रूप नगर, आर्य नगर, गीतांजली विहार समेत कई कॉलोनियों में रहने वाले लोग पीने के पानी को भरने के लिए परेशान रहे।

जलभराव से मार्गो में फंसे वाहन: मुख्य मार्ग और कॉलोनियों में जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी हुई। वाहनों में पानी भरने से लोग रोड पर वाहन को धक्का लगाकर गंतव्य तक पहुंचे। वहीं वाहनों के पहिए मिट्टी के धंसने पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। जलभराव से बचने के लिए राहगीरों ने कॉलोनियों का सहारा लिया। जिससे कॉलोनियों में भी जाम लगा रहा।

नांव चलाकर किया विरोध प्रकट: क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने और जलभराव से गुस्साएं लोग ने मुख्य मार्ग और इंद्रापुरी कालोनी के ए ब्लॉक में नांव चलाकर विरोध प्रकट किया। लोगों का आरोप है कि बरसात कि चंद बूंद पड़ते ही शांति नगर कॉलोनी के पास स्थित मेट्रो स्टेशन के नीचे जलभराव हो जाता है। जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोग ने अधिकारियों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *