Dainik Athah

नव निर्वाचित नगर पालिका- नगर पंचायत अध्यक्षों का शपथ ग्रहण संपन्न

  • खोड़ा मकनपुर में मोहिनी शर्मा शपथ लेकर संभाला कामकाज
  • मुरादनगर में छम्मी चौधरी ने किया शपथ ग्रहण

अथाह संवाददाता
मुरादनगर/ खोड़ा मकनपुर।
गाजियाबाद जिले में आज से नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में जनता की चुनी सरकारों ने शपथ ग्रहण के साथ ही काम काज संभाल लिया है। बड़े समारोह के दौरान खोड़ा मकनपुर एवं मुरादनगर नगर पालिका परिषदों की नव निर्वाचित अध्यक्षों ने शपथ ग्रहण किया।

खोड़ा मकनपुर नगर पालिका में शुक्रवार को एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह ने मोहिनी शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही मोहिनी शर्मा ने नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा समेत उनके समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। शपथ ग्रहण के समय अमरपाल शर्मा जिंदाबाद के नारे लगाये। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता भी उपस्थित थी। इसके बाद सभी निर्वाचित सभासदों को भी शपथ ग्रहण कराई गई।
मुरादनगर में एसडीएम मुख्यालय चक्रेश सिंह ने नव निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष छम्मी चौधरी को शपथ दिलाई। इस मौके पर पूर्व विधायक वहाब चौधरी के साथ ही बसपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र जाटव समेत बसपा के अनेक नेता उपस्थित थे। यहां पर शपथ ग्रहण के समय बसपा प्रमुख मायावती के साथ ही बसपा के नारे लगाये गये। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के लोग उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *