Dainik Athah

लोकतंत्र बचाने के लिए पूरी तैयारी से संघर्ष करना होगा: अखिलेश यादव

भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। अब लोकतंत्र नहीं बचा है। प्रदेश सरकार ने भाजपा को नगर निकायों के चुनाव में जिताने के लिए नंगा नाच किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए पूरी तरह से तैयारी के साथ संघर्ष करना पड़ेगा। लड़ाई लड़नी पड़ेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में बड़ी संख्या में मतदाता वोट नहीं डाल पाये। मतदाताओं का वोट कटवा दिया गया। पुलिस लगाकर वोट डालने से रोका गया। मतदाताओं को धमकाया और डराया गया, उसके बाद मतगणना में विपक्ष के जीते हुए प्रत्याशियों को हराया गया। भाजपा के हारे प्रत्याशियों को जिताया गया। अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम किया। रामपुर और चंदौली से आये वीडियो उदाहरण है कि सरकार ने किस कदर अन्याय और अत्याचार किया। उन्होंने कहा कि कन्नौज में हजारो नकली आधार कार्ड का मिलना साबित करता है कि सरकार के आधार कार्ड योजना की धज्जियां उड़ गयी हैं। जगह-जगह नकली आधार कार्ड मिले।

यादव ने कर्नाटक में भाजपा को हराने के लिए वहां की जनता को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने नफरत फैलाने वालों को नकार दिया है। भाजपा समाज को आपस में लड़ाने और नफरत फैलाने का काम करती है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जिस प्रदेश में जो दल मजबूत हो वहां उसे आगे कर चुनाव लड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर और अन्य पार्टियां भी यही चाहती हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में शहरों में समाजवादी पार्टी का वोट बढ़ा है। वोट का प्रतिशत बढ़ा है। समाजवादी पार्टी शहरों में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में हमारा वोट पहले की तरह मजबूत है। इसीलिए भाजपा बेईमानी पर उतारू है। भाजपा बेईमानी नहीं करती तो उसका सफाया हो जाता।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *