Dainik Athah

29 को शपथ, 30 को मुख्यमंत्री करेंगे महापौर- अध्यक्षों को संबोधित

  • मई के अंत में होगा महापौर- निकाय अध्यक्षों का शपथ ग्रहण
  • 29 को पूरे प्रदेश में एक साथ होगा महापौर और निकाय अध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह
  • 30 को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी महापौर और निकाय अध्यक्षों को करेंगे संबोधित
  • लखनऊ बैठक में प्रदेश के सभी अधिशासी अधिकारी और नगर आयुक्त भी रहेंगे मौजूद

अशोक ओझा
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब महापौर के साथ ही नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों के शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई है। यदि सबकुछ ठीक रहा तो 29 मई को हर जिले और निकाय में जहां शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होंगे, वहीं 30 मई को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के सभी महापौर, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों को संबोधित करेंगे।
नगर विकास विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सरकार की योजना है कि प्रदेश के सभी जिलों एवं निकायों में शपथ ग्रहण एक ही दिन करवाया जाये। इसके लिए 29 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने पर शासन स्तर पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। अनौपचारिक रूप से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इसकी स्वीकृति ले ली गई है। अगले एक- दो दिन में शपथ ग्रहण संबंधी सूचना प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को भेज दी जायेगी।

सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण में समय इसलिए लग रहा है कि अभी राज्य निर्वाचन आयोग से शासन को चुने हुए महापौर एवं निकाय अध्यक्षों की सूची प्राप्त नहीं हुई है। इसमें समय लग रहा है। सूची प्राप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार अधिसूचना जारी करेगी और इसके बाद ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होंगे।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार 29 मई को शपथ ग्रहण के बाद प्रदेश के सभी महापौर एवं निकाय अध्यक्षों को लखनऊ बुलाया जायेगा। यहां पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सभी को भ्रष्टाचार मुक्त निकाय चलाने का मंत्र देंगे। स्वच्छता अभियान, हर घर नल के साथ ही अन्य मुद्दों पर उन्हें टिप्स दिये जायेंगे। इसके साथ ही भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के संबंध में भी स्पष्ट संदेश दिया जायेगा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली इस बैठक में प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा के साथ ही नगर विकास विभाग के सभी उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ होने वाली इस बैठक में प्रदेश के सभी नगर आयुक्तों के साथ ही सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद यहीं पर सभी महापौर एवं निकाय अध्यक्षों के साथ ही नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन भी किया जायेगा। इस प्रशिक्षण की तैयारियां भी नगर विकास विभाग ने शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी 30 मई के कार्यक्रम के लिए अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके बाद ही तैयारियों में तेजी आई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *