Dainik Athah

मोदीनगर पालिका चेयरमैन पद विनोद जाटव वैशाली का प्रदेश में पहला स्थान

  • प्रदेश में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकार्ड मोदीनगर के नाम
  • प्रदेश में किसी भी नगर पालिका का चेयरमैन 46 हजार से ज्यादा मतों से नहीं हुआ विजयी
  • प्रदेश में रिकार्ड मतों से विजयी होने पर विनोद वैशाली के समर्थकों में खुशी

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
मोदीनगर नगर पालिका चेयरमैन पद पर विजयी भारतीय जनता पार्टी के विनोद जाटव वैशाली ने उत्तर प्रदेश में कीर्तिमान स्थापित किया है। वे प्रदेश की नगर पालिकाओं में सबसे अधिक मतों से जीतने वाले चेयरमैन बन गये हैं। उनकी इस जीत पर विधायक डा. मंजू शिवाच ने उन्हें बधाई दी।
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव 11 मई को संपन्न हुए थे। पूरे प्रदेश में मतगणना शनिवार को संपन्न हो गई। इस चुनाव में मोदीनगर नगर पालिका चेयरमैन पद पर भाजपा प्रत्याशी विनोद जाटव वैशाली को 62541 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के जगमोहन को 15961 मत प्राप्त हुए। विनोद जाटव वैशाली ने 46580 मतों से जीत हासिल की। उन्हें कुल मतदान का 64.38 फीसद मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही यदि देखा जाये तो फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज सीट से विजयी रंजना सिंह को कुल मतदान का 69.95 फीसद मत प्राप्त हुए। लेकिन यहां पर कुल वोट पड़े 19401 और विजयी प्रत्याशी रंजना सिंह को 7901 मत प्राप्त हुए। पूरे प्रदेश के आंकड़े देखने पर यह पता चलता है कि इतने भारी अंतर से 46 हजार से ज्यादा मतों से किसी भी नगर पालिका चेयरमैन पद प्रत्याशी ने जीत हासिल नहीं की है। कुल मत प्रतिशत एवं जीत के आंकड़े में इटावा से सपा प्रत्याशी ज्योति गुप्ता भी दूसरे स्थान पर है।

प्रदेश में नगर पालिका चेयरमैन प्रत्याशियों में सबसे बड़ी जीत दर्ज कर पहला स्थान प्राप्त करने वाले विनोद जाटव वैशाली ने कहा कि यह मोदीनगर की जनता का प्यार और भाजपा संगठन एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इसके लिए भाजपा नेतृत्व का भी आभार जताया।

ऐतिहासिक जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मोदीनगर के मतदाताओं का आभार
मोदीनगर नगर पालिका के चेयरमैन पद प्रत्याशी विनोद जाटव वैशाली की ऐतिहासिक जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं को बधाई। विनोद वैशाली का सौम्य स्वभाव भी उनकी इतनी बड़ी जीत का कारण है। इस जीत ने मोदीनगर को प्रदेश में शीर्ष पर ला दिया है।
डा. मंजू शिवाच, विधायक मोदीनगर


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *