Dainik Athah

25.80 लाख मतदाता आज चुनेंगे अपने नगर की सरकार

  • महापौर के साथ ही 8 चेयरमैन के लिए डलेंगे वोट
  • 292 पार्षद- सभासदों का चुनाव भी करेंगे मतदाता
  • 606 मतदान केंद्रों, 2371 बूथों पर पड़ेंगे वोट

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद जिले में नगर की सरकार चुनने के लिए मतदान आज हो रहा है। जिले के मतदाता कड़ी सुरक्षा के बीच आज अपने नगर की सरकार के लिए वोट डालेंगे। जिले के 25 लाख 80 हजार 225 मतदाता एक महापौर, आठ निकायों के चेयरमैन, 294 में से 292 वार्डों के पार्षद और सभासदों का चुनाव करेंगे। गाजियाबाद जिले में कुल वार्डों की संख्या 294 है। मतदान केंद्र 606, बूथ 2371 है।

पांच वर्ष में एक बार होने वाले निकाय चुनावों के लिए गाजियाबाद जिले में मतदान आज है। गाजियाबाद नगर निगम के महापौर पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी मैदान में है। लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा की सुनीता दयाल और सपा- रालोद गठबंधन की पूनम यादव के बीच है। नगर निगम के एक सौ वार्ड में से 99 वार्डों के पार्षद के लिए भी मतदान होगा। एक पार्षद पूर्व में निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। नगर निगम में 15 लाख 39 हजार 822 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 837425 और महिला मतदाताओं की संख्या 702397 है, जो 331 मतदान केंद्र और 1264 बूथ पर अपना वोट डालेंगे।

इसके साथ ही मोदीनगर नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर मुख्य मुकाबला भाजपा के विनोद जाटव वैशाली, रालोद के विनोद गौतम और बसपा के जगमोहन के बीच है। मोदीनगर नगर पालिका में 34 वार्ड में से 33 के सभासद चुने जायेंगे। एक सभासद निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। यहां पर 182670 मतदाता है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 95353 और महिला मतदाताओं की संख्या 87317 है।

लोनी नगर पालिका जिले की ही नहीं प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पालिका है। यहां पर चेयरमैन पद के लिए रालोद- सपा गठबंधन से रंजीता धामा, भाजपा से पुष्पा प्रधान समेत आठ प्रत्याशी मैदान में है। जबकि 55 वार्डों के लिए मतदान होगा। यहां पर मुख्य मुकाबला इन दोनों में ही माना जा रहा है। लोनी नगर पालिका में 521026 मतदाता है। इनमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 285553 और महिला मतदाताओं की संख्या 235473 है।

मुरादनगर नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए भाजपा की रमा देवी, बसपा की छम्मी चौधरी समेत 11 प्रत्याशी मैदान हैं। हालांकि नाम वापस लेने के बाद दो प्रत्याशी केवल मतपत्रों में ही रह गये, वैसे ये मैदान छोड़ चुके हैं। यहां पर कुल मतदाता 99814 है। इनमें 52875 पुरुष, 46939 महिला मतदाता है। ये मतदाता चेयरमैन के साथ ही 25 सभासदों का चुनाव भी करेंगे।
खोड़ा मकनपुर नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए कुल दस प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर भाजपा से रीना भाटी, निर्दलीय मोहिनी शर्मा के बीच मुकाबला है। यहां पर 172256 मतदाता है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 96189 और महिला मतदाता 76067 है जो चेयरमैन के साथ ही 34 सभासदों का चुनाव करेंगे।

यदि नगर पंचायतों को देखा जाये तो निवाड़ी में चेयरमैन पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर दस वार्ड है। कुल मतदाता 8943 है। पतला नगर पंचायत में चेयरमैन पद के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर चेयरमैन के साथ ही दस सभासदों का चुनाव 8361 मतदाता करेंगे। फरीदनगर नगर पंचायत चेयरमैन के लिए 22 प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर सभासद के 11 पद है। कुल मतदाताओं की संख्या 12001 है। डासना नगर पंचायत चेयरमैन पद के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में है। यहां पर सभासद के 15 पद है। यहां पर 35332 मैदान में है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *