Dainik Athah

5 को गाजियाबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री योगी

  • अब दूसरे चरण का चुनाव पकड़ेगा गति
  • कविनगर रामलीला मैदान में होगी जनसभा
  • महापौर प्रत्याशी के साथ ही पूरे जिले के नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष पद प्रत्याशी भी रहेंगे मौजूद
  • भाजपा ने शुरू की तैयारियां

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के पहले चरण के बाद अब भाजपा नेताओं का पूरा ध्यान दूसरे चरण के चुनाव वाले जिलों पर है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच मई को गाजियाबाद में महापौर प्रत्याशी के साथ ही जिले की सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायत प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा के साथ ही पुलिस और प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी है।
बता दें कि निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान चार मई को होगा। पहले चरण का चुनाव प्रचार दो मई मंगलवार की शाम थम जायेगा। इसके बाद भाजपा समेत सभी दलों के नेता अब दूसरे चरण के चुनाव की तरफ रूख कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद जिले के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करने के लिए आ रहे हैं। उनकी जनसभा कविनगर स्थित रामलीला मैदान में होगी। भाजपा की रणनीति इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने की है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी भी तैयारियों में जुट गये हैं।

5 के स्थान पर 7 को सभा चाहते थे भाजपा नेता
भाजपा सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद महानगर के भाजपा नेता चाहते थे कि मुख्यमंत्री की जनसभा पांच के स्थान पर सात मई को हो। इसके लिए प्रयास भी किये गये। लेकिन ये प्रयास परवान नहीं चढ़ सके। इसके पीछे कारण मतदान के दिन नजदीक आने पर जनसभा का लाभ अधिक मिलता। इसके साथ ही बरसात की आशंका भी नहीं रहती।

क्या है 5 का संजोग
मुख्यमंत्री गाजियाबाद में जनसभा करने के लिए मई माह में आ रहे हैं। मई का महीना पांचवा माह है। इसके साथ ही तारीख भी पांच और जनसभा में मुख्यमंत्री के जनसभा में पहुंचने का संभावित समय भी पांच बजे का है। अंक ज्योतिष में एक, पांच, सात और नौ को शुभ माना जाता है। अब भाजपाई यह मानकर चल रहे हैं पांच का अंक पार्टी के लिए गाजियाबाद जिले में शुभ रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *