Dainik Athah

असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सरकार फर्जी एनकाउंटर कर रही है: अखिलेश यादव

  • अथाह ब्यूरो
    लखनऊ।
    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार संविधान में दिए गए जनता के अधिकारों को छीन रही है। भाजपा निजीकरण को बढ़ावा दे रही है। सरकारी संस्थाओं को निजी हाथों में बेच रही है। जब सब कुछ निजी हाथों में चला जाएगा तो बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर द्वारा संविधान में दिया गया हक, सम्मान और आरक्षण कैसे मिलेगा? मंडल कमीशन के अनुसार नौकरियां कैसे मिलेंगी? जब तक भाजपा सरकार सत्ता में है। बाबा साहब का संविधान सुरक्षित नहीं है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन में देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। भाजपा सरकार में पिछड़ों, दलितों, गरीबों और अल्पसंख्यकों के साथ अन्याय हो रहा है। सत्ता संरक्षित अपराधी गरीबों के साथ अन्याय और अत्याचार कर रहे है। पुलिस झूठे और फर्जी एनकाउन्टर कर रही है। किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है। प्रदेश और देश की जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी बहुत बढ़ गयी है। किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। डीजल, पेट्रोल से लेकर खाने पीने की चीजें और दवाओं के दाम बढ़ गये हैं। किसानों और आम जनता को लूटा जा रहा है। किसानों का गेहूं अब निजी कम्पनियां खरीद रही है। ये कम्पनियां किसानों से गेंहू सस्ते में खरीद कर जनता को महंगा आटा बेचेंगी। मुनाफा निजी कम्पनियों को हो रहा है, इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
    यादव ने कहा भाजपा सरकार समाज को बांट रही है। असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए फर्जी एनकाउन्टर कर रही है। अपनी कुर्सी, पद बचाने के लिए भाजपा सरकार में अधिकारियों ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया हैं। अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मिट्टी में मिलाने की बात करते हैं। क्या बलिया में नौजवान छात्र की पीट-पीट कर हत्या करने वाले अपने स्वजातीय अपराधियों को भी मिट्टी में मिलाएंगे? क्या कानपुर देहात में मां-बेटी को जलाने वाले आरोपियों को मिट्टी में मिलाएंगे?
    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव देखकर राजनीतिक फायदे के लिए समाज को बांटने का कार्य कर रही हैं। भाजपा सरकार के संरक्षण में फर्जी एनकाउन्टर हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश फर्जी एनकाउन्टर का उत्तम प्रदेश बन गया है। भाजपा सरकार हर स्तर पर लोगों के साथ भेदभाव कर रही है। मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर इंदौर पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी का मजबूत संगठन है। समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में पूरी ताकत से विधानसभा का चुनाव लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *