Dainik Athah

कमिश्नरेट पुलिस के खिलाफ फूटा भाजपाइयों का गुस्सा, तो निकला परिणाम भी

  • उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ की बैठक, सुनी समस्याएं
  • पुलिस चालानों को लेकर सबसे अधिक शिकायतें रही
  • समीक्षा बैठक में मौर्य ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं- शिकायतों को उठाया प्रमुखता से

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गाजियाबाद आये तो उनके सामने कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस को लेकर सबसे अधिक शिकायतें की एवं समस्याएं बताई।
मौर्य ने बुधवार को भाजपा के जिला व महानगर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा पुलिस कमिश्नरेट बनने का गाजियाबाद को कोई लाभ नहीं, नुकसान अधिक हो रहा है। अपराधों पर भी रोक नहीं लगी है। इसके साथ ही पुलिस द्वारा किये जा रहे वाहनों के चालान को मनमाना बताया और कहा कि नियमों का पालन करने के बाद भी चालान किये जा रहे हैं। यदि वाहन गली में घर के बाहर खड़ा हो तब भी पुलिस फोटो खींचकर चालान काट रही है। पदाधिकारियों ने कहा पुलिस की कार्यप्रणाली से भाजपा को नुकसान हो रहा है।

इसके साथ ही कहा गया कि यदि पुलिस वालों को भाजपा पदाधिकारी के रूप में परिचय दिया जाता है तो पुलिस अभद्रता से पेश आती है। इसके साथ ही चालान का जुर्माना भी दोगुना कर दिया जाता है। यह शिकायत भी की गई कि छोटे- छोटे मामलों में समझौता होने के बावजूद जेल भेजने की कार्यवाही होती है। जिस क्षेत्र का मामला होता है उसके स्थान पर दूर के एसीपी की अदालत में मामला जाता है जिससे वकील की फीस एवं अन्य खर्च कई गुना तक लोगोें के बढ़ गये हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस की व्यवस्था से आम जनता पूरी तरह से त्रस्त है। इसके साथ ही जिले में अवैध कालोनियों, इंदिरापुरम को नगर निगम को हस्तांतरित करने और स्कूलों द्वारा महंगी किताबें बेचने, जाति प्रमाण पत्र के नाम पर परेशान करने के मुद्दे भी उठे। बैठक में डीएसओ की शिकायत भी आई जिस पर उन्होंने बैठक में डीएसओ को लताड़ लगाई।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे समीक्षा एवं कानून व्यवस्था की बैठक में इन मामलों में निर्देश देंगे। इसके बाद हुआ भी यहीं। उन्होंने इन सभी मुुद्दों को बैठक में उठाया और अधिकारियों को निर्देश दिये कि बेवजह लोगों को परेशान न किया जाये। गलियों में खड़े वाहनों के चालान करना, अधिक चालान करना ठीक नहीं है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा और जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल के नेतृत्व में हुई बैठक में नवनियुक्त पश्चिम उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया ने बैठक की प्रस्तावना प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक का समापन जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल द्वारा किया गया। संचालन महामंत्री पप्पू पहलवान ने किया।
इनके अलावा बैठक में प्रमुख रूप से राज्य सभा सांसद अनिल अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, मयंक गोयल, महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक, दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, बलदेव राज शर्मा, अशोक गोयल, निवृतमान महापौर आशा शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, विधायक अतुल गर्ग, अजीत पाल त्यागी, मंजू शिवाच, नंद किशोर गुर्जर, पूर्व एमएलसी प्रशांत चौधरी, रूप चौधरी, अश्वनी शर्मा, प्रदीप चौधरी, अमित भारद्वाज, नीरज गोयल, जय कमल अग्रवाल, धीरज अग्रवाल सहित महानगर जिला टीम, मोर्चा और मंडल अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *