Dainik Athah

सभी 17 नगर निगमों में जीतेगी भाजपा, ट्रिपल इंजन सरकार में विकास होगा तेज: मौर्य

  • यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताआें की बैठक के बाद विकास- कानून व्यवस्था की समीक्षा की
  • 2024 में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा की होगी जीत
  • मैं पहले कार्यकर्ता, बाद में डिप्टी सीएम: केशव प्रसाद मौर्य

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि निकाय चुनाव में प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भाजपा की जीत होगी। ट्रिपल इंजन सरकार में विकास का पहिया तेजी से घूमेगा। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई न करने वाले अफसर बर्दाश्त नहीं होंगे।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 26 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा की थी उनके निर्देशों का कितना अनुपालन हुआ यह देखा गया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद उप्र का प्रवेश द्वार होने के साथ ही सबसे महत्वपूर्ण जिला है। गाजियाबाद का विकास देखकर पता चलता है कि प्रदेश में कितना विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए डबल इंजन सरकार का खजाना खुला हुआ है। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि 2017 से पहले गाजियाबाद में अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों और अपराधियों पर कार्रवाई लगातार हो रही है। अब गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट बन गया है ऐसे में और तेजी से अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। लोनी में जल निकासी एवं खोड़ा में पेयजल की समस्या को लेकर कहा कि दोनों के लिए 650- 650 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। साहिबाबाद में 100 बैड के अस्पताल के लिए जमीन तलाशने के निर्देश भी उन्होंने दिये।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वे पहले भाजपा कार्यकर्ता हैं और इसके बाद उप मुख्यमंत्री है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिये हैं। इतना ही नहीं राशन की कुछ दुकानों की शिकायत मिलने पर उनकी जांच कराने के निर्देश भी उन्होंने दिये हैं। उन्होंने कहा सरकारी जमीनो से कब्जे हटवाये जायें तथा अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा भूमाफिया को छोड़ेंगे नहीं और गरीब को छेड़ेंगे नहीं। यदि गरीब सरकारी जमीन पर है तो उसके लिए प्रबंध किया जाये। उन्होंने मुरादनगर शमशान घाट पर हादसे के बाद से पड़े मलबे को हटाने के साथ ही वहां जाने वालों की सुविधा के लिाए प्रबंध करने के निर्देश भी दिये।

समीक्षा बैठक में राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिंह शिशोदिया, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता बसंत त्यागी, निवर्तमान महापौर आशा शर्मा, विधायक अतुल गर्ग, अजीत पाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, डा. मंजू शिवाच, धर्मेश तोमर, एमएलसी दिनेश गोयल, ओएसडी विनीत वर्मा, मंडलायुक्त शेल्वा कुमारी जे, पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, नगरायुक्त नितिन गौड़, सीडीओ विक्रमादित्य सिंह मलिक, एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *