Dainik Athah

भाजपा सरकार ने यूपी को हर मामले में पीछे छोड़ दिया: अखिलेश

लोकसभा चुनाव में उप्र देश की दिशा तय करेगा

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 का लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव में देश की दिशा तय करेगा। उत्तर प्रदेश से प्रधानमंत्री बनते रहे है। भाजपा सरकार ने यूपी को हर मामले में पीछे छोड़ दिया है। भाजपा सरकार किसानों, नौजवानों से लगातार झूठ बोल रही है। सरकार रोजगार को लेकर झूठे आंकड़े देती है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से किये वादों को पूरा नहीं किया। कोई विकास नहीं किया। विकास को लेकर सवाल पूछने पर सरकार जेल भिजवा देती है। यह कहां का लोकतंत्र है? भाजपा सरकार संविधान विरोधी है। बीजेपी सच नहीं सुनना चाहती है। प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी-माफिया खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम लगातार मांग कर रहे है कि भाजपा सरकार प्रदेश के टॉप टेन और टॉप 100 माफियाओं की सूची जारी करें लेकिन भाजपा सरकार सूची नहीं जारी कर रही है। क्योंकि सूची जारी होगी तो उसमें सबसे ज्यादा संख्या में भाजपाई ही होंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाब नहीं देना चाहती है। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। गरीबों के साथ अन्याय हो रहा है। सड़कों और खेतों में सांड घूम रहे हैं। किसानों और आम लोगों की जान जा रही है। भाजपा सरकार छुट्टा जानवरों के चलते होने वाली मौतों को नहीं रोक पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *