Dainik Athah

हाल बेहाल है भाजपा संगठन के निकाय चुनाव सिर पर, संगठन के निर्देशों के अनुरूप नहीं हो रहा काम

भाजपा संगठन ने दिये थे निर्देश वार्डों में कैंप लगाकर हो समस्याओं का निराकरण

जिला- महानगर कहीं पर भी नहीं लग पा रहे वार्डों में कैंप

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रदेश में नगर निकाय चुनाव सिर पर है, लेकिन संगठन है कि कागजों में ही पूरा काम कर दे रहा है। हालत यह है भारतीय जनता पार्टी संगठन के निर्देशों के बावजूद वार्डों में जन समस्याओं के निराकरण के लिए कैंपों का आयोजन कहीं भी नहीं किया जा रहा है। जब रिपोर्ट भेजने की बात आयेगी तब कागजों का पेट भरकर काम पूरा दिखा दिया जायेगा। इस मामले में जिला एवं महानगर अध्यक्षों के बयान भी भिन्न है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने करीब एक माह पूर्व प्रदेश के सभी जिला- महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिये थे कि हर निकाय क्षेत्र (नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत) के वार्डों में कैंप का आयोजन किया जाये। इन कैंपों में संबंधित निकाय के अधिकारियों को भी बुलाने के निर्देश दिये गये थे। इसका मकसद यह था कि निकाय चुनाव से पहले पार्टी हर निकाय के हर वार्ड तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करना चाहती है। जो शिविर आयोजित किये जाने हैं उनमें आम जनता की बिजली, पानी, सफाई, समेत अन्य समस्याओं का निराकरण भी मौके पर ही होना है।

पार्टी के जानकारों की मानें तो इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता सीधे वार्ड के मतदाताओं से जुड़ेंगे और समस्या का मौके पर निराकरण होने पर पार्टी के लिए मतदाताओं के बीच अच्छा संदेश भी जायेगा। इस अभियान के माध्यम से पार्टी प्रदेश की हर निकाय में जीत सुनिश्चित करने की तैयारी कर रही है। लेकिन पार्टी की योजना के अनुसार जिलों में काम ही नहीं हो पा रहा है। इस मामले में जिले के पदाधिकारी तारीख न मिलने बात कह रहे हैं।

अभी तारीख तय नहीं हुई
वार्डों में समस्याओं के निराकरण के लिए कैंप लगाने के निर्देश प्राप्त हुए थे। हर अभियान की तारीख प्रदेशस्तर से निर्धारित होती है। इसके साथ ही वर्तमान समय में पार्टी के अनेक कार्यक्रम भी लगातार चल रहे हैं। जैसे ही तारीख निर्धारित होगी कार्यक्रम आयोजित होंगे।

संजीव शर्मा, अध्यक्ष भाजपा महानगर गाजियाबाद

पार्टी ने प्रदेश स्तर से जो भी अभियान तय किये हैं वे लगातार चलाये जा रहे हैं तथा आगे भी चलेंगे। वर्तमान समय में होली मिलन के साथ ही राष्टÑपति के अभिभाषण पर लोनी में शनिवार को ही पांच स्थानों पर कार्यक्रम हुए हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर मंडल बैठकों का आयोजन भी किया जा रहा है। वार्डों में कैंप आयोजन के संबंध में जब भी नयी तारीख आयेगी तब उसी के अनुरूप कैंप आयोजित होंगे। वैसे कैंप का समय 25 मार्च तक का है।

दिनेश सिंघल, जिलाध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद

दिनेश सिंघल, जिलाध्यक्ष भाजपा गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *