Dainik Athah

सरकारी एजेंसियों का उपयोग सत्ता विरोधी विपक्ष को डराने, सपा को बदनाम करने के लिए किया जा रहा: अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विरोधी दल अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सत्ता का दुरूपयोग करके लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। सरकारी एजेंसियों ईडी, इन्कम टैक्स और सीबीआई का उपयोग सत्ता विरोधी विपक्ष को डराने-धमकाने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए किया जाने लगा है। बुलडोजर से डराना भाजपा का एजेंडा है। भाजपा की इन्हीं कुनीतियों के चलते समाज का हर वर्ग परेशान है और अब वह भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहता है।
यादव ने कहा कि आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा का हारना तय है। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में विजयी होगी। जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। यादव शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय 19, विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में युवा संगठनों के प्रमुख नेताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधायक रविदास मेहरोत्रा तथा पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा भी उपस्थित थे। समाजवादी युवजन सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि, सपा छात्र सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह देव, यूथ ब्रिगेड के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा तथा युवजन सभा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहाद भी बैठक में मौजूद रहे।
अखिलेश यादव ने नौजवानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज नौजवानों के भविष्य के आगे अंधेरा है। रोटी-रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। समाजवादी पार्टी उनके लिए आवाज उठाती रही है। महंगाई भाजपा के कारण है। किसान की आय दोगुनी कहां हुई? बिजली महंगी क्यों है? एक यूनिट बिजली का भाजपा राज में उत्पादन नहीं हुआ। फर्जी मुकदमों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाया जा रहा है। रोजगार की दर 4.2 प्रतिशत है जो सच्चाई से दूर है।
उन्होंने कहा कि सपा से जुड़ा नौजवान संघर्षशील है। वह कर्मठ और निष्ठावान है। भाजपा गुमराह करने में किसी हद तक जा सकती है। भाजपा वैमनस्य, नफरत की राजनीति करती है। भाजपा का मुकाबला करने के लिए समाजवादी युवा उत्साह से भरे हुए हैं। आगामी निकाय चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की धांधली रोकने में नौजवानों की सक्रिय भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की हार और सपा की जीत में नौजवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। भाजपा की तमाम साजिशें मैनपुरी में सफल नहीं हो सकी। नौजवानों को बिना किसी प्रलोभन और भय के किसी भी क्षेत्र में हो रहे अन्याय का कड़ा विरोध करना है।

यादव ने कहा कि जातीय जनगणना सामाजिक न्याय के लिए जरूरी है। सभी को हक और सम्मान तभी मिल सकेगा जब जातीय गणना के आधार पर उनके साथ न्याय होगा। समाजवादी पार्टी सरकार बनाने का अवसर मिलने पर तीन माह में उत्तर प्रदेश में जातीय जनगणना करा देगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए नये महाभारत के युद्ध में समाजवादी पार्टी तैयार है। हम इस युद्ध में जनता के साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *